उत्तरकाशी: सीएम धामी ने किए काशी विश्वनाथ के दर्शन रामलीला मैदान में की सभा, कलश यात्रा में हुए शामिल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज उत्तरकाशी में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। जोशियाड़ा हेलीपैड पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर पहुंचे। इसके बाद वे रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरकाशी पहुंचने के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर के दर्शन कर रामलीला मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित किया और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने पर सेवा ज्योति यात्रा शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। सरकार अब लोगों के घर तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के भाव के साथ हर व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की बात कही।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। बाबा केदार की धरती से उन्होंने कहा था कि 21वीं सदी उत्तराखंड की होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मातृशक्ति को सशक्त करने के लिए लखपति दीदी योजना समेत कई पहल की गई हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है।
ये भी पढे़ं...एक विलेन फिल्म जैसी वारदात: हत्या के पीछे की कहानी हर किसी को चौंका रही, तीन लोगों को उतार दिया मौत के घाट
कार्यक्रम में पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। सीएम के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए। वहीं, विरोध की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव मनीष राणा को हिरासत में लिया।