Gangotri Highway: भू-कटाव से चिन्यालीसौड़ में गंगोत्री हाईवे का 20 मीटर हिस्सा धंसा, आवाजाही में बना खतरा
चिन्यालीसौड़ में गंगोत्री हाईवे पर टिहरी झील के भू-कटाव के कारण हाईवे का 20 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। अब लगातार हो रही बारिश के कारण यहां पर भू-कटाव जारी है।
विस्तार
टिहरी झील के बढ़ते जलस्तर के कारण चिन्यालीसौड़ में टैक्सी स्टैंड के समीप गंगोत्री हाईवे पर भू-कटाव शुरू हो गया है जिससे गंगोत्री हाईवे का करीब 20 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे में यहां वाहनों की आवाजाही में खतरा बना हुआ है। वहीं दूसरी ओर गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे शुक्रवार सुबह भूस्खलन के कारण दो स्थानों पर कुछ देर के लिए बंद रहे।
चिन्यालीसौड़ में गंगोत्री हाईवे पर टिहरी झील के भू-कटाव के कारण हाईवे का 20 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। अब लगातार हो रही बारिश के कारण यहां पर भू-कटाव जारी है।पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शूरवीर रांगड़ सहित व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा नौटियाल, अमित सकलानी, पूरण सिंह, राकेश मेहरा ने टीएचडीसी से गंगोत्री हाईवे पर हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए सुरक्षात्मक कार्य शुरू करने की मांग की। कहा कि अगर हाईवे पर भू-कटाव बढ़ता है तो इससे टैक्सी स्टैंड सहित आसपास की दुकानों को भी खतरा हो सकता है।
गौरीकुंड हादसा: दुकानों पर काल बनकर गिरे बोल्डर, पलक झपकते ही नदी में बहे दो परिवारों के 10 लोग, तस्वीरें
तहसीलदार रमेश चौहान ने बताया कि गंगोत्री हाईवे पर हो रहे भू-कटाव की सूचना टीएचडीसी और बीआरओ को दे दी गई है। वहीं दूसरी ओर शुक्रवार सुबह गंगोत्री हाईवे धरासू के समीप बोल्डर आने के कारण आधा घंटे बंद रहा। यहां बीआरओ की मशीनरी ने बोल्डर हटाकर आवाजाही शुरू करवाई। हालांकि यहां बोल्डर आने का लगातार खतरा बना हुआ है। वहीं यमुनोत्री हाईवे भी महर गांव के समीप मलबा आने से बंद रहा जिसे एनएच ने आधे घंटे में खोल दिया।
भूस्खलन जोन में तैनात पुलिसकर्मियों ने लिए हेलमेट अनिवार्य
एसपी अर्पण यदुवंशी ने पुलिसकर्मियों को मानसून सीजन में मुस्तैदी के साथ ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को हाईवे के भूस्खलन जोन में ड्यूटी के दौरान हेलमेट का प्रयोग करने के निर्देश दिए। कहा कि जो हेलमेट नहीं पहनेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और जवानों की मासिक अपराध की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सभी अधिकारियों और थानाध्यक्षों को अपने-अपने थानों में आपदा बचाव के उपकरणों चालू हालत में रखने के निर्देश दिए।
कहा कि सीएम पोर्टल पर पुलिस से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता से हल करें। इस मौके पर एसपी ने यात्रा में निस्वार्थ सेवा देने वाले स्वयंसेवी राजेश रावत को सम्मानित किया। इस दौरान प्रभारी एसओजी खजान सिंह चौहान, मोरी एसओ मोहन सिंह, प्रभारी निरीक्षक मनेरी अजय सिंह, हर्षिल एसओ दिलमोहन बिष्ट, एसआई विरेंद्र सिंह, तस्लीम आरिफ, अक्षु रानी, हेड कांस्टेबल मोहन ठाकुर, जितेंद्र भंडारी, कांस्टेबल अशोक जुयाल, सुरेंद्र सिंह चौहान, संजय सिंह, विनोद, राकेश, गणेश, प्रकाश, विरेंद्र नेगी, राजेश, विनीता को भी सम्मानित किया गया।
पालछुनी गांव में भू-धंसाव से पांच मकान क्षतिग्रस्त, प्रभावित शिफ्ट
नारायणबगड़ क्षेत्र में हो रही भारी बारिश से पालछुनी गांव में भू-धंसाव हुआ जिससे शिशुपाल लाल, तुलाराम, जशोदा देवी, पुष्कर लाल, प्यूंली देवी के मकान क्षतिग्रस्त हो गए। प्रभावित परिवारों ने पंचायत घर में शरण ली है। इसके अलावा दुलप सिंह व भरत सिंह की गोशाला भी क्षतिग्रस्त हो गई है। शिशुपाल लाल ने बताया कि वर्ष 2019 में बिजोरीगाड़-पालछुनी सड़क निर्माण के दौरान विस्फोट करने से सड़क के ठीक ऊपर बसी अनुसूचित जाति की बस्ती गधेरातोक में आवासीय मकानों में भू-धंसाव होने लगा था। इस बार हुई बारिश से छह परिवारों के मकान पूर्ण क्षतिग्रस्त हो गए हैं। किसी की छत गिर गई है तो किसी का आंगन क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रभावितों ने एसडीएम से उनके पुनर्वास की मांग की। एसडीएम ने लोनिवि व पटवारी से तत्काल मौका मुआयना कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।