Udham Singh Nagar News: चौकीदार को खेत से नाले तक खींचकर ले गया बाघ, मार डाला; मिला क्षत-विक्षत शव
ऊधमसिंह नगर जिले के गूलरभोज में खेत की चौकीदारी कर रहे वृद्ध को बाघ ने निवाला बना लिया। घटना के बाद लोगों में दहशत है।
विस्तार
गूलरभोज में खेत की चौकीदारी कर रहे वृद्ध को बाघ ने निवाला बना लिया। घटना के बाद लोगों में दहशत है। कोपा कृपाली निवासी बलबीर सिंह ( 65) पीपल पड़ाव रेंज में यासीन के खेत में रात्रि चौकीदारी का काम करते थे। शनिवार रात बलबीर सिंह चौकीदारी के दौरान बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। रविवार सुबह खेत मालिक के परिजन उनको चाय देने गए तो वह मौके पर नहीं मिले। उनकी पगड़ी जमीन पर पड़ी थी।
आसपास तलाश करने पर झाले से 50 मीटर दूर उनका क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। सूचना पर डीएफओ यूसी तिवारी और रेंजर आरएन गौतम, चौकी प्रभारी विजेंदर कुमार मौके पर पहुंचे। रेंजर गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बाघ चौकीदार को खेत से 50 मीटर दूर तक नाले के समीप घसीटते हुए ले गया होगा। वृद्ध की गर्दन और चेहरे पर भी गहरे घाव थे। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के तीन लड़की व एक पुत्र हैं। बेटा मजदूरी करता है। बलवीर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बीते साल भी तेंदुए ने जंगल में शौच के लिए गए ग्रामीण प्रेम सिंह पर हमला कर दिया था। संघर्ष के दौरान बाघ ने प्रेम सिंह की एक टांग खा ली थी।