लकड़ी से भरी ट्राली पलटी, एक की मौत, 13 घायल
दिनेशपुर के कालीनगर क्षेत्र में शुक्रवार देररात लकड़ी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली के पलटने से उसमें सवार 14 लोगों में से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। इनमें चार लोगों की हालत गंभीर है। मृतक सहित सभी घायल गदरपुर के पत्थरपुरी के रहने वाले हैं। हादसा बाइक सवार को बचाने के प्रयास पर हुआ है।
शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे के आसपास टांडा जंगल से वन विभाग के कटगिए जो कि वन विभाग की लकड़ी का कटान करते हैं और उसे ट्रैक्टर-ट्राली में लालपुर गदरपुर डिपो ले जा रहे थे।
जब ट्रैक्टर-ट्राली दिनेशपुर के कालीनगर क्षेत्र में पहुंची तो तभी सड़क पर एक बाइक सवार ट्रैक्टर के आगे आ गया। चालक ने उसे बचाने के प्रयास में तेजी से ब्रेक लगाकर स्टेयरिंग मोड़ा तभी ट्रैक्टर-ट्राली सड़क पर पलट गई। इस हादसे में ट्राली में बैठे 14 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को रुद्रपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डाक्टरों ने गदरपुर के पत्थरपुरी निवासी फुरकान पुत्र यूसुफ को मृत घोषित कर दिया।
जबकि इसमें गंभीर रूप से घायल आरिफ पुत्र रहीश, जलीश पुत्र जमीर, लईक पुत्र हबीब और वाजिद अली पुत्र मकबूल की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है। सभी घायल गदरपुर के पत्थरपुरी निवासी हैं।