फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Udham Singh Nagar News ›   Uproar over MLA Chauhan's statement, Bengali society in turmoil

Udham Singh Nagar News: विधायक चौहान के बयान पर बवाल, बंगाली समाज में उबाल

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Wed, 04 Sep 2024 05:17 AM IST
विज्ञापन
Uproar over MLA Chauhan's statement, Bengali society in turmoil
रुद्रपुर में गांधी पार्क गेट पर विधायक चौहान का पुतला फूंकते लोग। अमर उजाला
रुद्रपुर। विधानसभा सत्र में विकासनगर के भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान के जातियों के आरक्षण को लेकर दिए गए बयान को लेकर बंगाली समाज में भारी आक्रोश है। मंगलवार को जिले भर में बंगाली समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर विधायक चौहान का पुतला फूंका। उन्होंने विधायक से इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की पुरजोर मांग की। वहीं, भाजपा के दायित्वधारी उत्तम दत्ता ने भी विधायक चौहान के बयान को गलत ठहराकर उनसे माफी मांगने की बात कही है।
विज्ञापन

बगांली समाज से जुड़े लोगों ने गांधी पार्क के गेट पर विधायक चौहान के खिलाफ नारेबाजी कर पुतला फूंका। वक्ताओं ने कहा कि विधायक के बयान से बंगाली समाज के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। कहा कि बंगाली समाज के नमोशूद्र, पौंड्रा और मांझी जाति के लोग लंबे अरसे से अनुसूचित जाति का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं। विधायक की गलत बयानबाजी से समाज के लोगों में भारी रोष है। वहां पर किशोर कुमार हालदार, संजय आइस, विकास विस्वास, दिलीप अधिकारी, मोनिका ढाली, मानस बैरागी, उमा शंकर, गौतम घरामी, सुब्रत बिस्वास, भाष्कर मंडल आदि मौजूद रहे। अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन


पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गांधी पार्क में भेजने का किया प्रयास
रुद्रपुर। बंगाली समाज के लोगों ने जैसे ही डीडी चौक पर काशीपुर बाईपास रोड के किनारे प्रदर्शन करना शुरू किया तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की। पहले पुतले को लेकर सड़क किनारे प्रदर्शन कर रहे लोगों को गांधी पार्क की दीवार के पास ले जाया गया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने उन्हें गांधी पार्क के भीतर प्रदर्शन और पुतला दहन करने को कहा लेकिन पार्क का गेट बंद होने के चलते प्रदर्शनकारी अंदर नहीं जा सके और उन्होंने वहीं पर पुतला दहन कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को गेट की चाबी लेने के लिए नगर निगम भी भेजा गया था लेकिन जब तक चाबी आती तब तक पुतला जल चुका था। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन


बंगाली समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे विधायक चौहान : साहा
रुद्रपुर। बंगाली महासभा ने विधानसभा सत्र में आरक्षण पर चर्चा के दौरान विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान की ओर से बंगाली समाज पर की गई टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है। मंगलवार को सिटी क्लब में पत्रकार वार्ता में महासभा के अध्यक्ष राजकुमार साहा ने कहा कि बंगाली समाज उत्तराखंड में ना किरायेदार है और ना ही पर्यटक है। बंगाली समाज उत्तराखंड का मूल निवासी है। उन्होंने कहा कि विधायक मुन्ना सिंह चौहान को ऊधमसिंह नगर के बंगाली समाज की भौगोलिक, ऐतिहासिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि का कोई ज्ञान नहीं है। तत्काल विधायक मुन्ना सिंह चौहान को अपने व्यक्तिगत बयानों में प्रयुक्त किए गए शब्दों को वापस लेते हुए सार्वजनिक रूप से बंगाली समाज से माफी मांगनी चाहिए। वहां पर पूर्व दर्जा मंत्री विजय मंडल, हिमांशु सरकार, शिवकुमार राय, गोविंद राय, गणेश सरकार मौजूद रहे। ब्यूरो



दायित्वधारी दत्ता ने अपनी सरकार के ही विधायक पर साधा निशाना
रुद्रपुर। विधानसभा सत्र में आरक्षण पर चर्चा को लेकर विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान के बयान का मामला तूल पकड़ रहा है। इसको लेकर सत्ताधारी पार्टी के विधायकों ने चुप्पी साधी है, वहीं बंगाली समाज से आने वाले पार्टी नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। दायित्वधारी उत्तम दत्ता ने कहा कि चौहान भाजपा के मूल विचार से अभी तक भलीभांति परिचित नहीं हैं। उन्होंने विधायक चौहान से गलत बयानबाजी के लिए बंगाली समाज से माफी मांगने को कहा है।
बंगाली समाज से आने वाले दत्ता ने मीडिया को दिए बयान और इसका वीडियो दत्ता ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट में अपडेट किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि बंगाली समाज के जो लोग अनुसूचित जाति में आते हैं, उनको अनुसूचित जाति का दर्जा मिलने की मांग लंबे समय से है। भाजपा सरकार इसको लेकर प्रयासरत है। विधायक मुन्ना सिंह चौहान का बयान व्यक्तिगत है और उनको ऐसा नहीं बोलना चाहिए था। मुन्ना सिंह को पार्टी में आए कम समय हुआ है और पहले वे उत्तराखंड जनवादी पार्टी में थे। मुन्ना सिंह भाजपा के मूल बयान से परिचित होते तो इस तरह के बयान नहीं देते। उन्होंने बंगाली समाज के लोगों से अपील की है कि वे इस बयान पर ना जाएं। जिस व्यक्ति ने बयान दिया है, वो भाजपा की रीति नीति को नहीं जानता है। इस मामले में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन के संज्ञान में यह मामला लाएंगे। ब्यूरो

विधायक चौहान के बयान की निंदा

दिनेशपर। आम आदमी पार्टी बंगाली समाज मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष व्यापारी ने बंगाली समाज पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान की ओर से की गई टिप्पणी की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि विधायक के बयान से भाजपा का बंगाली विरोधी असली चेहरा फिर उजागर हुआ है। कहा कि जिस समय चौहान विधानसभा में बोल रहे थे। उस दौरान सदन में बंगाली वोटों से चुने गए भाजपा के तीन विधायक मौजूद थे, मगर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। संवाद



शक्तिफार्म में विधायक का पुतला फूंका
शक्तिफार्म। बंगाली कल्याण समिति ने मंगलवार को नगर के सुभाष चौक पर प्रदर्शन कर विधायक मुन्ना चौहान का पुतला फूंका। बंगाली कल्याण समिति के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामचंद्र राय ने कहा कि सदन में मुन्ना सिंह चौहान की ओर से बंगाली नमोशुद्र जाति को लेकर की गई टिप्पणी बेहद निंदनीय है। उनकी टिप्पणी से बंगाली समुदाय आहत और आक्रोशित है। उन्होंने कहा कि विधायक चौहान बंगाली समुदाय से माफी मांगें अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बुधवार को टैगोर नगर में समुदाय की बैठक में आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। वहां पूर्व जिपं सदस्य उत्तम आचार्य, रविंद्र सिंह, सुमित मंडल, नारायण सरकार, प्रियजित राय, नरेश साना, प्रशांत मंडल, मिथुन पहाड़, रिपुसुदन, भवतोष आचार्य आदि थे। संवाद

किसी की भावना को ठेस पहुंचाने का अधिकार किसी को नहीं : अरविंद पांडेय

दिनेशपुर। विधायक अरविंद पांडेय ने विकासनगर के भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान के विधानसभा में दिए गए बयान को उनका व्यक्तिगत बयान बताया है। पत्रकारों से बातचीत में पांडेय ने कहा कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार किसी विधायक को नहीं है। कहा कि भाजपा का संविधान वसुधैव कुटुंबकम का रहा है। पार्टी में जातिवाद और क्षेत्रवाद का कोई स्थान नहीं है। कहा कि बंगाली समाज इस देश का अस्तित्व है। भाजपा हमेशा बंगाली समाज की हितैशी रही है। अनुसूचित जाति के मुद्दे पर उत्तराखंड की भाजपा सरकार राज्य विधानसभा में दो बार सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेज चुकी है। बंगालियों की उपजातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा मिले इसके लिए पार्टी प्रयासरत है। संवाद


अनुसूचित जाति बयान पर माफी मांगे विधायक: सपा

काशीपुर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रवि छाबड़ा ने कहा कि बंगाली समाज के अनुसूचित जाति के लोगों पर दिए गए बयान पर विधायक मुन्ना चौहान को माफी मांगनी चाहिए। मंगलवार को प्रेस नोट जारी कर सपा जिलाध्यक्ष छाबड़ा ने कहा कि ऊधमसिंह नगर जिले में बंगाली समाज के करीब तीन लाख से अधिक लोग निवास करते हैं और तराई क्षेत्र में बंगाली समाज का हमेशा से विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा व कांग्रेस ने बंगाली समाज को हमेशा छलने का काम किया है और सदैव वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल काम किया है। कहा कि भाजपा ने भी अभी तक मुन्ना सिंह के प्रति किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं की है, जो अपने आप में बहुत दुखद है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि मुन्ना सिंह चौहान द्वारा जल्द ही बंगाली समाज के लोगों से माफी नहीं मांगी जाएगी, तो समाजवादी पार्टी बंगाली समाज के साथ पूर्ण रूप से मिलकर भाजपा विधायक के खिलाफ आंदोलन करेगी। संवाद


दिनेशपुर में भी प्रदर्शन कर विधायक का पुतला फूंका

दिनेशपुर। बंगाली यूथ एंड स्टूडेंट्स यूनिटी के बैनर तले एकत्र बंगाली युवाओं ने विकासनगर के भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान का पुतला फूंककर रोष जताया। मंगलवार देर शाम को पुलिन बाबू चौक पर एकत्र युवाओं ने विधायक चौहान की ओर से विधानसभा में दिए वक्तव्य पर नाराजगी जाहिर की। वहां प्रसन्नजीत साह, किशोर हाल्दार, विकास सरकार, सुब्रत कुमार, अमृत विश्वास, जगन्नाथ सरकार, दिवेंदु मंडल, नित्यानंद मंडल आदि थे। संवाद




विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed