अपंजीकृत फर्म के नाम कर दिया टेंडर
संजय रेलवे पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए 45 लाख रुपये शहरी विकास विभाग से स्वीकृत हुए हैं। जिसमें अब तक 12 लाख रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। फिलहाल निर्माण कार्य बंद चल रहा है। वार्ड संख्या तीन निवासी माजिद हुसैन ने कुमाऊं कमिश्नर को शिकायती पत्र भेजकर कहा कि 26 जून 2014 को दैनिक समाचार पत्र में नगर पालिका परिषद ने संजय रेलवे पार्क के सौंदर्यीकरण की निविदा प्रकाशित की थी, जिसे अपरिहार्य कारण दर्शाकर निरस्त कर दिया गया। उसके बाद दूसरी निविदा 16 अगस्त 2014 को शाम चार बजे खोली गई, जिसमें आरके इंटरप्राइजेज के नाम विभागीय दरों से 0.25 प्रतिशत कम पर कार्य करने की निविदा प्रस्तुत की गई। उस फर्म के नाम टेंडर कर दिया गया। आरोप है कि यह आरके इंटर प्राइजेज को यह टेंडर लाभ पहुंचाने के लिए नाजायज तरीके से किया गया है। उन्होंने निविदा को निरस्त करने और जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
माजिद का आरोप है कि उक्त फर्म 16 अगस्त 2014 को नगर पालिका के अंतर्गत काम करने वाले पंजीकृत ठेकेदारों की सूची में नहीं थी। उसी दिन फर्म के मालिक ने पालिका प्रशासन को पत्र लिखकर फर्म पंजीकृत करने का आवेदन किया है। उसमें जो प्रमाण लगाए हैं उसमें चरित्र प्रमाण पत्र 2011 का लगाया गया। इसके अलावा और भी कुछ पेपर नहीं लगे थे। उसके बाद 18 अगस्त को एक पत्र और दिया गया, जिसमें चरित्र प्रमाण पत्र कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नहीं बनने और पंजीकरण को स्वीकृति प्रदान करने को कहा गया। जिसे पालिकाध्यक्ष सुरैय्या मेंहदी ने स्वीकृति प्रदान कर दी। माजिद का आरोप है कि निर्धारित तिथि में जब निविदा प्रस्तुत की गयी उस दिन तक फर्म टेंडर प्रक्रिया में भाग लेने का किसी भी तरह का अधिकार नहीं रखती थी।