{"_id":"5826038f4f1c1bf67eb3af8e","slug":"salt-resembled-the-scramble-for-market","type":"story","status":"publish","title_hn":"नमक के लिए बाजार में मची मारामारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नमक के लिए बाजार में मची मारामारी
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
Updated Fri, 11 Nov 2016 11:14 PM IST
विज्ञापन
नमक
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अफवाहों ने शुक्रवार को पूरे जिले में नमक के दाम एकाएक बढ़ा दिए। नमक खरीदने के लिए बाजार में शाम तक मारामारी मची रही। बीस रुपये किलो बिकने वाला नमक दो सौ-ढाई रुपये तक बिका। लोगों ने दो चार किलो से लेकर नमक की बोरियां तक खरीद डालीं।
विज्ञापन
शुक्रवार को सुबह से धीरे-धीरे नमक ब्लैक होने की अफवाह उड़ने लगी। आलम यह हो गया कि किराना की दुकानों पर नमक खरीदने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोगों ने दो चार किलो से लेकर नमक के पैकेटों के बोरे तक खरीद लिए।
विज्ञापन
लोग इस बात को लेकर आशंकित थे कि भविष्य में नमक मिलना मुश्किल होगा, इसीलिए लोग भारी मात्रा में नमक खरीदने लगे। नमक की खरीद एकाएक बढ़ने से दुकानदारों ने भी इसका फायदा उठाना शुरू कर दिया। 20 रुपये किलो में बिकने वाला नमक कई जगह पचास रुपये किलो तो कुछ जगहों पर दो सौ रुपये किलो तक नमक के पैकेट बेचे गए।
विज्ञापन
ग्रामीणों क्षेत्रों में भी पहुंची अफवाह
जिले में शहरी क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों तक भी नमक महंगा होने की अफवाह आग की तरह फैल गई। किच्छा क्षेत्र के सिरौली, दरऊ, छिनकी, कुरैया के अलावा, रुद्रपुर एवं सितारगंज गंज के कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में भी नमक महंगा होने के कारण लोगों ने दो सौ रुपये किलो तक नमक खरीदा। वहीं लालपुर में भी शुक्रवार शाम दुकानों पर नमक खरीदने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जाता है कि कई दुकानों पर पांच सौ के नोट देने पर पांच सौ रुपये किलो भी नमक बेचा गया।
कालाबाजारियों को भेजा जाएगा जेल : डीएम
नमक की कालाबाजारी होने को लेकर डीएम चंद्रेश कुमार यादव से अमर उजाला से बात की तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नमक के रेट बढ़ने की अफवाह यूपी के रामपुर से उठी थी, जो बिलासपुर, बाजपुर, काशीपुर, हल्द्वानी होते हुए रुद्रपुर तक पहुंची है। जो लोग अफवाह फैला रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा नमक की कालाबाजारी रोकने के लिए सभी उपजिलाधिकारी को छापामारी करने के निर्देश दिए गए हैं, जो भी कालाबाजारी करते पाए जाएंगे, उन्हें जेल भेजा जाएगा। डीएम ने जनता से भी अपील की कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें। नमक की जिले में कोई किल्लत नहीं होने दी जाएगी।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा, कराया अनाउंसमेंट
नमक के लिए बाजार में मारामारी मचने और कालाबाजारी होने की सूचना पर पुलिस ने बाजार में कई जगहों पर छापे मारे। इस दौरान शहर में कई दुकानों में नमक की बिक्री की जांच भी की गई। हालांकि पुलिस को कालाबाजारी का कोई पुख्ता प्रमाण नहीं मिल पाया। अफवाहों को शांत करने के लिए पुलिस ने बाकायदा बाजार क्षेत्र में अनाउंसमेंट भी किया। इसमें चेतावनी देते हुए कहा गया कि नमक का स्टॉक न करें और न ही अफवाह फैलायें। पुलिस ने चेताया कि नमक महंगा बेचने वालों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों और नमक महंगा बेचने वालों के के खिलाफ पुलिस को सूचना देने की अपील भी की है।