Udham Singh Nagar News: घायल होने पर घबराया सरबजीत, काशीपुर में रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने पर STH भेजा
बाबा तरसेम सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह को पुलिस ने हल्द्वानी के एसटीएच में भर्ती करा दिया है। उसके दोनों घुटनों में गोली लगी थी।
विस्तार
बाबा तरसेम सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी और मुठभेड़ में घायल सरबजीत सिंह को पुलिस ने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में भर्ती करा दिया है। उसके दोनों घुटनों में गोली लगी थी। काशीपुर उप जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे पहले रुद्रपुर और फिर हल्द्वानी शिफ्ट किया गया।
हत्यारोपी सरबजीत सिंह को पुलिस पंजाब के तरनतारण से पकड़कर ला रही थी। बुधवार रात काशीपुर में ढेला पुल और बांसखेड़ा के बीच टायर फटने से कार के दुर्घटनाग्रस्त होने पर सरबजीत पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने लगा। उसने पुलिस पर फायरिंग की। एक गोली पुलिसकर्मी शुभम सैनी के बाएं हाथ को छूकर निकल गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों घुटनों में गोली लगने से वह घायल हो गया। देर रात अस्पताल पहुंचे एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने आरोपी का हालचाल जाना था। अपनी हालत को लेकर आरोपी काफी डरा हुआ था। उसे भरोसा दिलाया गया कि वह ठीक हो जाएगा। वह माफी मांग रहा था। आरोपी की पत्नी को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है।
एसएसपी के निर्देश पर आरोपी सरबजीत का काशीपुर सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने के कारण उसे रात में ही रुद्रपुर रेफर किया गया। यहां जांच के बाद हल्द्वानी के एसटीएच में भर्ती कराया गया है। घायल पुलिसकर्मियों की स्थिति अब ठीक है। - अभय सिंह, एसपी