रुद्रपुर: नितिन नवीन के 14 मिनट के संबोधन ने तराई की सियासत में साधे कई निशाने, कई अटकलों पर लगा विराम
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने 14 मिनट के संबोधन में तराई की सियासत में कई निशाने साधे। उन्होंने सिख और पंजाबी समाज को साधने की कोशिश की और पटना साहिब का उदाहरण देते हुए उत्तराखंड में सिख समाज की एकता की तारीफ की।
विस्तार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाबी गौरव सम्मेलन के जरिए एक तीर से दो निशाने साधे। रामपुर और रुद्रपुर की सीमा पर स्थित एक निजी होटल में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए उन्होंने उत्तराखंड के साथ उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक वोट बैंक को भी साधने की कोशिश की।
कार्यक्रम में ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर, किच्छा, गदरपुर, बाजपुर के अलावा यूपी के रामपुर, रुद्र बिलास, बिलासपुर और मिलक से बड़ी संख्या में सिख किसान और पंजाबी समाज के लोग पहुंचे थे। तराई बेल्ट में रामपुर और रुद्रपुर को एक ही सांस्कृतिक और कृषि क्षेत्र माना जाता है। इसी रणनीति के तहत कार्यक्रम स्थल भी दोनों राज्यों की सीमा पर चुना गया। माना जा रहा है कि भाजपा की नजर 2027 में होने वाले यूपी और उत्तराखंड दोनों राज्यों के चुनावी समीकरण पर है।
रामपुर लोकसभा और बिलासपुर, मिलक विधानसभा सीटों पर सिख वोटर निर्णायक हैं, वहीं ऊधमसिंह नगर की सीटों पर पंजाबी-सिख मतदाता जीत-हार तय करते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंच से सिख समाज के योगदान, वर्ष 1984 के दंगा पीड़ितों को न्याय, करतारपुर कॉरिडोर और हेमकुंड रोपवे का जिक्र कर भावनात्मक जुड़ाव बनाया। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के इस सम्मेलन से भाजपा ने कांग्रेस के परंपरागत सिख वोट बैंक में सेंध लगाने की पूरी कोशिश की।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले, हर कार्यकर्ता में सीएम धामी के नेतृत्व में आगे बढ़ने की क्षमता
अपने 14 मिनट के संबोधन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तराई की सियासत में एक साथ कई निशाने साधे। मंच से उन्होंने जहां सिख और पंजाबी समाज को साधने की कोशिश की वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी को लेकर ऐसा बयान दिया जिसने सियासी गलियारों में कई अटकलों पर विराम लगा दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंच से कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का हर कार्यकर्ता मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में आगे बढ़ने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि सीएम धामी ने जिस प्रकार से यहां के लोगों को जोड़ा है, समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का काम किया है, वह काबिलेतारीफ है। उनके नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से सीएम धामी की पीठ थपथपाना और उन्हें सर्वमान्य नेता बताना, सीधे तौर पर राष्ट्रीय नेतृत्व का मजबूत समर्थन माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकार इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले धामी को ही चेहरा बनाए रखने का स्पष्ट संकेत मान रहे हैं। सम्मेलन में नितिन नवीन ने सिख सियासत को भी साधा। उन्होंने कहा कि मैंने पटना साहिब में जिस प्रकार सिख समुदाय को एकजुट होकर चलते देखा है, उसी तरह उत्तराखंड में भी सिख समाज एकता के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें उत्तराखंड की भूमिका अहम होगी और इसमें पंजाबी समाज सहित सभी वर्गों का साथ जरूरी है। ऊधमसिंह नगर में विधानसभा की नौ में से पांच सीटों पर पंजाबी-सिख वोट बैंक हार-जीत तय करता है। ऐसे में पंजाबी गौरव सम्मेलन के जरिए भाजपा ने सिख वोट बैंक को यह संदेश देने की कोशिश की है कि पार्टी उनके मान-सम्मान और अधिकारों के साथ खड़ी है।
मंच पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक अरविंद पांडेय सहित तराई के सभी विधायकों की मौजूदगी ने भी एकजुटता का संदेश दिया।
स्कूलों में गुरुबाणी गूंजेगी और गुरुओं के पावन संदेश सुनाए जाएंगे : सीएम
पंजाबी गौरव सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सम्मेलन नहीं बल्कि पंजाबी समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, संस्कार, साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति का जीवंत प्रतीक है।
सिख गुरुओं की महान परंपरा को भारत की श्रेष्ठ संस्कृति का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि गुरु साहिबान का जीवन अन्याय के आगे न झुकने, जरूरतमंद की सेवा करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। सीएम ने कहा कि राज्य में धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानूनों को सख्त बनाया गया है। मदरसा बोर्ड को समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में अब गुरुबाणी गूंजेगी और गुरुओं के पावन संदेश सुनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समाज की आस्था, बलिदानों और गौरवशाली परंपरा को राष्ट्र के सम्मान के रूप में स्थापित किया गया है। सीएम ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल विकसित उत्तराखंड बनाना नहीं है बल्कि ऐसा प्रदेश बनाना है जहां विकास के साथ विरासत का सम्मान हो, आधुनिकता के साथ संस्कार हों और प्रगति के साथ सामाजिक समरसता हो। उन्होंने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने तराई को बसाने में अहम योगदान दिया। उन्होंने मंच से पंडित पंत को श्रद्धांजलि दी।
सिख समुदाय से लेकर मुस्लिम महिलाओं ने बरसाए फूल
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रुद्रपुर आगमन पर शहर में जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। उनके स्वागत के लिए विभिन्न मार्गों और प्रमुख चौराहों पर स्वागत एवं तोरणद्वार सजाए गए थे।
सिख समुदाय, देसी समाज, मुस्लिम महिलाओं समेत सात अलग-अलग समुदायों के लोगों ने पुष्पवर्षा कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। नितिन नवीन का हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरा। इसके बाद वह कार से पंजाबी गौरव सम्मेलन के कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुए। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
मुख्य बाजार के मोड़ पर काशीपुर जिला भाजपा सह प्रभारी भारत भूषण चुघ ने कार्यकर्ताओं के साथ नितिन नवीन का स्वागत किया। डिग्री कॉलेज के पास अल्पसंख्यक आयोग उपाध्यक्ष फरजाना बेगम ने मुस्लिम महिलाओं के साथ फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। इसके अलावा देसी समाज समेत सात अलग-अगल स्थानों पर लोगों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी जताया।
नितिन की बात सुनकर गदगद हुए तराई के किसान
पंजाबी गौरव सम्मेलन में पहुंचे तराई के किसान भाजपा के कसीदे पढ़ते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में सिख समुदाय को बहुत सम्मान मिला है और वह आगे भी भाजपा को ही देखना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हित के लिए भी भाजपा कार्यरत है। किसानों को सम्मान के साथ नई-नई योजनाओं का भी लाभ मिल रहा है। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी वह भाजपा को हुए जीतते हुए देखना चाहते हैं।
भाजपा सरकार ने सिख समाज की भावनाओं और विरासत का सम्मान किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का तराई में आना समाज के लिए गौरव और उत्साह का विषय है। - फूल सिंह, नानकमत्ता
करतारपुर कॉरिडोर और वीर बाल दिवस जैसे निर्णयों से सिख समाज की आस्था और इतिहास को सम्मान मिला है। भाजपा सरकार के प्रयास सराहनीय हैं। - प्रीतम सिंह, गदरपुर
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाबी समाज के संघर्ष और योगदान को जिस सम्मान के साथ याद किया, उससे समाज गौरवान्वित हुआ है और भाजपा के प्रति विश्वास मजबूत हुआ। - प्रेम सिंह, केलाखेड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार ने सिख समाज की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का संबोधन समाज को प्रेरित करने वाला था। - अनूप सिंह, काशीपुर
भाजपा सरकार ने विकास के साथ धार्मिक विरासत और सिख समाज के सम्मान को प्राथमिकता दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का संदेश सिख समाज को नई ऊर्जा दे गया है। - अर्जुन सिंह, काशीपुर