{"_id":"5b99e3fbb471092edb09d64a57027700","slug":"lt-line-workers-to-be-vulnerable-to-death-daily-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"एलटी लाइन की चपेट में आकर दैनिक कर्मी की मौत ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एलटी लाइन की चपेट में आकर दैनिक कर्मी की मौत
ब्यूरो, अमर उजाला, रुद्रपुर
Updated Mon, 09 Feb 2015 12:12 AM IST
विज्ञापन
प्रीत विहार कालोनी में मरम्मत कार्य कर रहा दैनिक विद्युत कर्मी एलटी लाइन की चपेट में आकर पोल पर ही चिपक गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया। यह देख मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। बिजली कर्मियों ने बमुश्किल पोल पर लटके शव को नीचे उतारा। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस दौरान लोगों ने घटना को बिजली विभाग की लापरवाही मानते हुए रोष भी जताया।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक पुरानी बरेली रोड किच्छा निवासी शिव कुमार (25) पुत्र सुधीर मिस्त्री बिजली विभाग के लाइनमैन रुप बसंत के अंडर में दैनिक कर्मी के रुप में काम करता था। रविवार को प्रीत विहार कालोनी में बिजली आपूर्ति ठप होने की सूचना और लाइनमैन रुप बसंत के कहने पर शिव कुमार अपने साथी आनंद निवासी पुरानी बरेली रोड किच्छा के साथ मरम्मत के लिए पहुंच गया। इस दौरान उन्होंने भदईपुरा पावर हाउस में फोन कर शट डाउन ले लिया और पोल पर चढ़कर मरम्मत कार्य करने लगे। काम होने के बाद आनंद तो नीचे उतर गया। लेकिन जैसे ही शिव कुमार उतरने लगा तो वह एलटी लाइन की चपेट में आ गया। तारों की चपेट में आकर पोल पर ही लटक गया। जिससे उसकी मौत हो गई। यह देख आनंद ने शोर मचा दिया।
विज्ञापन
शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों को भी दी। सूचना पर एसएसआई आरसी मखौलिया, रंपुरा चौकी इंचार्ज अशोक धनकड़ पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। साथ ही बिजली कर्मियों की मदद से पोल पर लटके शिव कुमार के शव को नीचे उतारा। इधर विभागीय अधिकारियों के मुताबिक मरम्मत कार्य के दौरान दूसरी लाइन में करंट आने से हादसा हुआ है।
विज्ञापन