उपस्थिति के मानक पर खरे नही उतरे प्रत्याशी, पांच नामांकन खारिज
किच्छा। राजकीय महाविद्यालय में छात्र संगठन के चुनाव में विभिन्न पदों के पांच छात्र छात्राओं का नामांकन खारिज होने के कारण काॅलेज में अब केवल अध्यक्ष पद का ही चुनाव होगा। चुनाव अधिकारी डा. नरेश कुमार कि अनुसार खारिज किए गए सभी छात्र छात्राएं उपस्थिति के मानक पर खरे नही उतरे। डिग्री काॅलेज में उपाध्यक्ष व संयुक्त सचिव पद के लिए एक एक नामांकन होने के कारण दोनों पद निर्विरोध घोषित हो गये। वहीं छात्रा उपाध्यक्ष पद की स्वाति का पर्चा खारिज होने पर स्नेहा, सचिव पद के शाजेब का पर्चा खारिज होने पर अमन, कोषाध्यक्ष पद के लिए मुस्कान का पर्चा खारिज होने पर तान्या, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए मो. तारिक का पर्चा खारिज होने पर प्रीति जबकि संकाय प्रतिनिधि पद के लिए मिजबा का पर्चा खारिज होने पर अंजलि निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। उन्होने बताया कि अध्यक्ष पद के अंकित व तारिफ का पर्चा स्वीकार होने के कारण केवल अध्यक्ष पद का ही चुनाव होगा। इधर, सरदार भगत सिंह डिग्री काॅलेज रुद्रपुर के पूर्व अध्यक्ष अंग्रेज सिंह ने महाविद्यालय पहुंचकर नामांकन पत्रों को रद्द करने का विरोध जताया। उनका कहना था कि कालेज प्रबंधन ने पक्षपात का रवैया अपनाया है।