रुद्रपुर। सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में तेज धूप के कारण वायरल बुखार, खांसी-जुकाम, गले में दर्द और बुखार के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। इसका असर राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की ओपीडी पर दिख रहा है। अस्पतालों में रोजाना एक हजार से अधिक लोग जांच और इलाज कराने पहुंच रहे हैं। अवकाश के दिन इमरजेंसी में भी अन्य दिनों से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।
सामान्य मौसम में अस्पतालाें की ओपीडी रोजाना 700 से 800 रहती है। इन दिनों मौसम की मार से ओपीडी 1200 तक होने लगी है। जांच कराने वालों में बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक देखने को मिल रही है। रविवार को ओपीडी बंद होने के कारण लोगों ने इमरजेंसी में जांच करवाई। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने बताया कि वायरल फीवर के साथ-साथ टायफाइड और पेट के संक्रमण के मामले भी सामने आ रहे हैं। बरसात के बाद जगह-जगह जलभराव से मच्छर जनित रोगों का खतरा बढ़ गया है। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि ठंडा पानी और बाहर का खाना खाने से बचें, साफ-सफाई का ध्यान रखें और हल्के गर्म कपड़े पहनना शुरू करें। उन्होंने लोगों से बुखार आने पर खुद से दवा न लेकर डॉक्टर से परामर्श लेने की अपील की है। बताया कि अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी में अतिरिक्त काउंटर और दवाओं का स्टॉक बढ़ा दिया है।