कोरोना महामारी की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य सुविधाओं को परखने के लिए मॉक ड्रिल करनी थी लेकिन सीएमओ ने सिर्फ निरीक्षण से ही काम चला लिया। सीएमओ डॉ. सुनीता चुफाल रतूड़ी ने दावा किया कि कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की पूर्व तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल करवाई गई जिसमें सभी तैयारियां दुरुस्त मिलीं।
सीएमओ ने सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल की इमरजेंसी से लेकर निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में बनाए गए कोविड वार्ड और ऑक्सीजन प्लांट आदि का जायजा लेने पहुंची। इसमें मॉक ड्रिल का कार्यक्रम पूर्व घोषित था लेकिन जिला अस्पताल के अधिकारियों और कुछ डॉक्टरों ने कहा कि यहां सभी सुविधाएं दुरुस्त हैं। उन्होंने टीम के साथ ऑक्सीजन प्लांट में ऑक्सीजन के उत्पादन की जानकारी, ऑक्सीजन कैप्सूल, कोविड वार्ड में मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाएं और टीकाकरण केंद्रों पर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए तैयारियां पूरी हैं। कहा कि निरीक्षण के साथ ही मॉक ड्रिल भी किया गया। वहां प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीएस पंचपाल, एसीएमओ डॉ. अविनाश खन्ना, प्रबंधक डॉ. अजयवीर सिंह, डॉ. एसके गोस्वामी, डॉ. प्रियंका, नर्सिंग अधीक्षक मंजू केड़ा, डॉ. अखिलेश आदि थे।