{"_id":"5b4ce5894f1c1b3f748b536b","slug":"encroachment-removed-manihari-street","type":"story","status":"publish","title_hn":"मनिहारी गली में अतिक्रमण पर बरसे हथौड़े ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मनिहारी गली में अतिक्रमण पर बरसे हथौड़े
अमर उजाला ब्यूरो रुद्रपुर।
Updated Tue, 17 Jul 2018 12:12 AM IST
विज्ञापन
रुद्रपुर की मनिहारी गली में अतिक्रमण तोड़ती नगर निगम की टीम
- फोटो : amar ujala
नगर निगम और प्रशासन की टीम ने सोमवार शाम मनिहारी गली के फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण तोड़ा। कार्रवाई के दौरान करीब 20 दुकानों के फुटपाथों का अतिक्रमण तोड़ा गया।
विज्ञापन
नगर निगम की टीम ने सोमवार शाम करीब 3:30 बजे से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया।
मुख्य नगर आयुक्त जयभारत सिंह और एसडीएम युक्ता मिश्रा ने पुलिस फोर्स के साथ मुख्य बाजार से भगत सिंह चौक तक व्यापारियों की ओर से स्वयं तुड़वाए जा रहे अतिक्रमण का निरीक्षण किया। जो व्यापारी अतिक्रमण तोड़ने में कोताही बरत रहे थे, उन्हें एमएनए ने फटकारते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
विज्ञापन
इसके तुरंत बाद कुछ व्यापारियों ने अतिक्रमण तुड़वाना शुरू कर दिया। मनिहारी गली के दुकानदारों ने फुटपाथों पर किया गया अतिक्रमण नहीं तोड़ा था। इस पर नगर निगम कर्मियों ने हथौड़ों और सब्बल से अतिक्रमण ध्वस्त किया। व्यापारियों के चोटिल होने की आशंका को देखते हुए दुकानों के शटर नीचे करवा दिए गए।
विज्ञापन
कार्रवाई का विरोध करते हुए एक व्यापारी ने हंगामा किया तो एमएनए ने उसे फटकार मारकर शांत करा दिया। शाम 5:30 बजे तक अभियान चलाया गया। एमएनए ने कहा कि अभियान को सुबह के समय चलाया जाना था, लेकिन अपराध समीक्षा बैठक होने के कारण पुलिस फोर्स उपलब्ध नहीं हो पाई थी। इस दौरान कर निरीक्षक बीसी रेखाड़ी, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, कोतवाल केसी भट्ट, सफाई नायक गौतम सिंह आदि थे।
ठेला समेत भागे यूूपी के ठेला व्यापारी
रुद्रपुर। सोमवार को बाजार बंद होने के कारण बाजार क्षेत्र में रामपुर, स्वार, बिलासपुर के ठेला व्यापारियों ने फुटपाथों और सड़कों पर दुकानें सजा रखी थीं। शाम के समय अचानक को टीम को आता देख यह लोग ठेला समेत गलियों में दुबक गए। कुछ ने अपना सामान बोरियों और कट्टों में भर दिया। शाम को अभियान खत्म होने के बाद उन्होंने फिर से सड़कों पर अतिक्रमण कर ठेलों पर सामान बेचना शुरू कर दिया।
पहली बार मनिहारी गली के पार निकली जेसीबी
रुद्रपुर। मनिहारी गली में अतिक्रमण के कारण रास्ता इतना संकरा हो गया था कि दोपहिया वाहन भी मुश्किल से गुजर पाते थे। सोमवार को नगर निगम की टीम की ओर से गली का अतिक्रमण तोड़ने के बाद पहली बार जेसीबी मनिहारी गली से विधवानी मार्केट में निकली।