खटीमा। कुटरा के ग्रामीणों ने बैंक एटीएम गार्ड भगवान सिंह भंडारी की संदिग्ध हालात में हुई मौत का खुलासा नहीं होने पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपकर ग्रामीणों ने हत्या के आरोपियों के बेखौफ घूमने और पुलिस पर हत्या का खुलासा करने उदासीनता बरतने का आरोप लगाया है।
डीएम को संबोधित ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि भगवान सिंह भंडारी की आठ अगस्त को हत्या कर दी गई थी। ज्ञापन में कहा कि परिजनों की ओर से पुलिस को तमाम साक्ष्य दिए गए। इसके बाद भी हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया गया। मृतक के आश्रितों ने 21 दिन गुजरने के बाद भी पुलिस की उदासीनता पर आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि हत्यारे बेखौफ घूम रहे हैं लेकिन पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों की पुलिस अनसुनी कर रही है। ग्रामीणों ने ज्ञापन तहसीलदार यूसुफ अली को सौंपकर त्रिस्तरीय चुनाव के बहिष्कार की घोषणा की है। ज्ञापन में कैलाश सिंह भंडारी, गोपाल सिंह, सपना देवी, मंजू देवी, जनार्दन भट्ट, कुंदन सिंह, हयात सिंह, अर्जुन भट्ट, सरस्वती देवी समेत करीब 36 ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।