शांतिपुरी। स्वतंत्रता सेनानी ग्राम जवाहरनगर निवासी पंजाब के पटियाला में डिप ऑर्डिनेंस यूनिट में सेवारत सैनिक नायक भुवन चंद्र भट्ट (31) पुत्र हरीश दत्त भट्ट रविवार सुबह फोटो खिंचवाते समय पैर फिसलने से पटियाला स्थित भाखड़ा नहर किनारे नहर में बह गए। सूचना मिलते ही उनके सभी परिजन निजी साधन से पटियाला के लिए रवाना हो गए।
पड़ोसियों ने बताया कि भुवन वर्ष 2014 में सेना में भर्ती हुए थे। नौ माह पहले भुवन का विवाह हुए थे। वह 24 जुलाई को छुट्टी पर घर आकर रक्षाबंधन से दो दिन पहले अपनी यूनिट लौटे थे। यूनिट से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह पटियाला स्थित नहर में लापता के बाद से गोताखोरों ने करीब 70 किमी दूरी तक लगातार खोज अभियान चलाया। इसके बावजूद सैनिक भुवन के बारे में पता नहीं चल सका। सेना के जवान नहर में भुवन की तलाश कर रहे हैं। उनके परिजन देवीधुरा चंपावत के मूल निवासी हैं। परिजनों को रविवार को दोपहर बाद भुवन के लापता होने की सूचना मिली। इससे पिता सेवानिवृत्त सैनिक हरीश दत्त भट्ट, मां ईश्वरी देवी, पत्नी पूजा, बड़ी बहन कुसुम भट्ट चिंतित हो गए।