रुद्रपुर/गदरपुर। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर जिले के सभी अस्पतालों में फार्मेसी संवर्ग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बांह पर काला फीता बांधकर विरोध-प्रदर्शन किया। यह विरोध आठ अक्तूबर तक चलेगा।
जिलाध्यक्ष बीएन बेलवाल ने बताया कि 10 अक्तूबर को महानिदेशालय में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बताया कि 27 सितंबर को शासन व प्रांतीय नेतृत्व के साथ वार्ता व बैठक का कार्यवृत्त अभी तक जारी नहीं होने का विरोध किया जा रहा है। इधर गदरपुर तहसील क्षेत्र के डिप्लोमा फार्मासिस्टों ने भी बांह पर काले फीते बांधकर विरोध जताया।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट 16 सूत्री मांगों के लिए विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें आईपीएचएस मानकों में संशोधन कर फार्मासिस्ट संवर्ग के समाप्त किए गए पदों को यथावत रखने, संशोधन के लिए कमेटी गठित करने आदि मांगें मुख्य हैं। प्रदर्शन करने वालों में फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिला मंत्री आरएस रौतेला, एमएन गोस्वामी गदरपुर, केसी नैनवाल गूलरभोज, कुसुमलता मर्तोलिया दिनेशपुर, आरएस बिष्ट मोहनपुर एवं मनोहर लाल गंगवार रायपुर शामिल आदि शामिल रहे। संवाद