कार से आए बदमाश, किराना व्यापारी के घर के ताले तोड़े
शनिवार शाम डिजायर कार सवार चार बदमाशों ने नगर के प्रमुख किराना व्यवसायी विजय सिंघल के आवास विकास कॉलोनी स्थित मेन गली के घर पर धावा बोलकर घर के मेन गेट का ताला तोड़ दिया। सिंघल के अचानक घर आने पर बदमाश डिजायर पर सवार होकर भाग निकले। सरेशाम हुई इस घटना से लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।
नगर के प्रमुख किराना व्यापारी विजय सिंघल का मकान आवास विकास कॉलोनी की मेन गली में है। शनिवार शाम करीब 8:45 पर सिंघल के परिजन रुद्रपुर रोड पर अग्रसेन भवन में आयोजित एक विवाह समारोह में गए थे। इस बीच विजय अपनी दुकान जल्दी बंद कर शादी में जाने के लिये तैयार होने अपने घर आए तो घर के ठीक सामने एक डिजायर कार को खड़े देखा। कार में दो युवक अगली सीटों पर बैठे थे। विजय ने देखा कि घर के मेन गेट का ताला टूटा है और घर के अंदर दो युवक गेट का ताला तोड़ रहे थे। जिन्हें देखकर विजय ने शोर मचाया तो अंदर गए युवक दीवार फांदकर बाहर कूद गये। विजय ने कार में बैठे बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो बदमाश हाथों में लिए सब्बल से डरा कर भाग निकले। अचानक हुए घटनाक्रम से हतप्रभ रहे विजय के शोर मचाने के बाद बड़ी तादाद में आसपास के लोग एकत्र हो गये। बाद में अंदर जाकर देखा तो ताला टूटा नहीं था। सरे शाम हुई इस घटना से आवास विकास कॉलोनी में दहशत है।