{"_id":"5ca3ade4bdec2214173a314b","slug":"two-south-africans-arrested-in-swindle","type":"story","status":"publish","title_hn":"ठगी में दक्षिण अफ्रीका के दो आरोपी गिरफ्तार","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
ठगी में दक्षिण अफ्रीका के दो आरोपी गिरफ्तार
Wed, 03 Apr 2019 12:15 AM IST
अरुण कुमार
अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो
Published by: अरुण कुमार
Updated Wed, 03 Apr 2019 12:15 AM IST
विज्ञापन
काशीपुर कुंडा थाना पुलिस हिरासत में ठगी के आरोपी।
- फोटो : amar ujala
लकी ड्रॉ में पांच लाख पाउंड का इनाम निकलने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में कुंडा थाना पुलिस ने दक्षिण अफ्रीका के दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
ग्राम हल्दुआ शाहू निवासी अभिषेक खुराना ने सोमवार को कुंडा थाना पुलिस को तहरीर देकर कहा कि जनवरी 2019 में उसके चाचा गौरव के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें एक शीतल पेय कंपनी के ड्रॉ में पांच लाख पाउंड (करीब पांच करोड़ रुपये) का इनाम निकलने की जानकारी दी गई थी। 21 जनवरी 2019 को कंपनी की ओर से उनका बायोडाटा मांगा गया।
विज्ञापन
इनाम में जीती गई रकम भेजने के नाम पर उससे 25 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद मुद्रा विनिमय के लिए 65 हजार रुपये की मांग की गई। ठगों ने अभिषेक के नाम से एक बैंक में ऑनलाइन एकाउंट भी खोल दिया। इन लोगों ने रकम ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी करने, इनकम टैक्स, आतंकवाद रोधी कर, आईएमसीटी कोड समेत अन्य करों के नाम पर अभिषेक से 25 लाख रुपये की राशि जमा करा ली। उन्होंने विभिन्न बैंकों के माध्यम से कई खातों में रकम जमा कराई गई।
विज्ञापन
बाद में अभिषेक को मेल के जरिये कंपनी की ओर बताया गया कि एक व्यक्ति इनाम में जीती गई रकम लेकर इंग्लैंड से भारत आ रहा है। तहरीर में कहा कि 15 दिन पूर्व डेविड उर्फ जॉन उसके गांव आया। उसने खुद को जोहान्सबर्ग दक्षिण अफ्रीका निवासी बताया। डेविड उर्फ जॉन ने दो-दो हजार रुपये के दस नोट मांगे और लकड़ी के बॉक्स से पेपर निकालकर नोट की साइज का पेपर काटा। उसने पेपरों को केमिकल लगाने के बाद डिजिटल बॉक्स में डाल दिया। उसने लॉकर से डॉलर निकालकर बाजार में चेक कराने को कहा, जो असली पाए गए। पूरी रकम देने के लिए उसने 60 लाख रुपये का और इंतजाम करने का कहा।
सोमवार को डेविड उर्फ जोन और पीटर हल्दुआ शाहू पहुंचे। शक होने पर खुराना ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को धर दबोचा और उन्हें कुंडा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने डेविड उर्फ जॉन, पीटर और एक अन्य के खिलाफ धारा 420/120 बी, 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल सेट, एक डिजिटल लॉकर, दोनों ओर से खुलने वाला लकड़ी का बॉक्स, सिलवर कलर की पन्नी में लिपटे काले रंग के पेपर के 9 पैकेट बरामद किए। इस मामले की विवेचना जसपुर कोतवाल अब्दुल कलाम को सौंपी गई है।
14-फॉर्नर एक्ट 1946 के तहत कार्रवाई की जा रही आरोपियों पर
पीसीआर पर लेकर ठगों का नेटवर्क खंगालेगी पुलिस
काशीपुर। पांच लाख पाउंड (करीब पांच करोड़ रुपये) के इनाम का झांसा देकर 25 लाख रुपये की ठगी करने के दोनों आरोपियों पर 14-फॉर्नर एक्ट 1946 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों आरोपियों को पीसीआर पर लेने की तैयारी कर रही है।
मंगलवार को कुंडा थाने में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि ठगी के आरोपियों से पुलिस और इंटेलीजेंस के अधिकारियों ने लंबी पूछताछ की लेकिन दोनों से कोई खास जानकारी नहीं मिल सकी। उनके मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकाली जा रही है ताकि इस गैंग के अन्य सदस्यों का पता लग सके।
एएसपी ने बताया कि दोनों आरोपी खुद को जोहान्सबर्ग साउथ अफ्रीका का बता रहे हैं। इस संबंध में गृह मंत्रालय के साथ ही साउथ अफ्रीका के दूतावास से भी संपर्क किया जा रहा है। आरोपियों ने अपना ठिकाना मालवीय नगर नई दिल्ली में होने की जानकारी दी। ठगी के इस खेल में उनका एक और साथी शामिल है। एएसपी ने बताया कि भारत में नाइजीरिया, तंजानिया, साउथ अफ्रीका जैसे देशों के नागरिकों द्वारा ठगी किए जाने के मामले प्रकाश में आए है।
लॉकअप में चिकन मांगा आरोपियों ने
काशीपुर। ठगी के आरोप में पकड़े गए पीटर ने पुलिस को बताया कि वह उपचार कराने भारत आया था। लेकिन उसका उपचार किस अस्पताल में चल रहा है, इसकी वह कोई जानकारी नहीं दे सका। पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी आरोपी इस मामले में मुंह खोलने को तैयार नहीं हैं। लॉकअप में आरोपी चिकन की मांग करते रहे। उन्होंने पुलिस की मेस का खाना नहीं खाया।