{"_id":"5acfadc64f1c1b813d8b4dc1","slug":"sit-may-take-action-on-nhai-officers-and-farmers","type":"story","status":"publish","title_hn":"एनएचएआई अफसर और काश्तकारों पर कसेगा एसआईटी का शिकंजा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
एनएचएआई अफसर और काश्तकारों पर कसेगा एसआईटी का शिकंजा
धन सिंह बिष्ट रुद्रपुर।
Updated Fri, 13 Apr 2018 12:34 AM IST
विज्ञापन
नेशनल हाईवे
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले में 18 अधिकारियों और कर्मचारियों को जेल भेजने के बाद अब एसआईटी एनएचएआई के साथ ही मुआवजा लेने वाले काश्तकारों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। अब तक की जांच में जहां एसआईटी को जसपुर और काशीपुर तहसील में एनएचएआई की गड़बड़ी मिली है, वहीं गलत तरीके से मुआवजा लेने वाले करीब 40 काश्तकारों के खिलाफ भी महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।
विज्ञापन
दूसरा आरोप पत्र दाखिल करने के साथ ही एसआईटी ने काश्तकारों को चिन्हित कर लिया है। एनएचएआई के खिलाफ जांच के लिए भी एसआईटी शासन को पत्र भेजने की तैयारी कर रही है।
विज्ञापन
एनएच-74 में भू-अधिग्रहण के नाम पर कूटरचित दस्तावेजों से फर्जी 143 कराने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही बिना जांच पड़ताल के करोड़ों का मुआवजा देने वाले एनएचएआई और मुआवजा हड़पने वाले काश्तकारों को भी एसआईटी अब अपनी जांच में दोषी मान रही है। सूत्रों के अनुसार जसपुर तहसील में एसआईटी को एनएचएआई के खिलाफ कुछ ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिसमें एनएचएआई ने अफसरों के साथ मिलकर ऐसे खसरों पर कृषि दर से मुुआवजा दे दिया, जिन पर पेट्रोल पंप, स्कूल और फैक्ट्रियां संचालित हो रही है।
विज्ञापन
काशीपुर तहसील में भी ऐसी जमीनों पर मुआवजा दिया गया जो एनएच-74 की जद में नहीं आई, लेकिन अफसरों ने कागजों में उनका अधिग्रहण दिखाया और एनएचएआई ने हाइवे से करीब सौ मीटर दूर खसरे पर मुआवजा दे दिया। कुछ मामलों में तो एनएचएआई की ओर से कहीं और की जमीन पर कहीं और मुआवजा देने के साक्ष्य भी एसआईटी को मिले हैं। इनकी जांच के लिए एसआईटी शासन को पत्र भेजने की तैयारी कर रही है।
गलत तरीके से मुआवजा लेने वाले करीब 40 काश्तकारों के खिलाफ भी एसआईटी को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिससे अब किसानों पर भी एसआईटी का ध्यान केंद्रित हो गया है। पूर्व में कुछ काश्तकारों के खिलाफ एनबीडबल्यू जारी किया गया है, लेकिन कुछ किसान फरार चल रहे हैं।
एक और चार्जशीट हो सकती है दाखिल
रुद्रपुर। भूमि मुआवजा घोटाले में चार तहसीलों की जांच पूरी होने के बाद अब रुद्रपुर और किच्छा तहसील की जांच रह गई है। गदरपुर तहसील की एफएसएल रिपोर्ट का भी एसआईटी को इंतजार है। साथ ही एनएचएआई और काश्तकारों की जांच की भी एसआईटी तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि उक्त जांच में कुछ गिरफ्तारियां होने के बाद एसआईटी तीसरी चार्जशीट भी कोर्ट में दाखिल करेगी।
रकम लौटाने वाले किसान बनेंगे सरकारी गवाह
रुद्रपुर। भूमि मुआवजा घोटाले में गलत तरीके से मुआवजा लेने वाले कुछ काश्तकारों ने मुआवजे की रकम लौटाई है तो कुछ लौटाने की मंशा एसआईटी के आगे जाहिर कर चुके हैं। मुआवजा लौटाने वाले काश्तकारों को अब एसआईटी सरकारी गवाह बनाने की तैयारी में है।