दरोगा को दौड़ा दौड़ाकर पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्कूल के पास संदिग्ध रूप से खड़े युवकों को टोकना सादी वर्दी में गश्त कर रहे दरोगा को महंगा पड़ गया। युवक के बुलावे पर आये ब्लाक प्रमुख के पति ने साथियों के साथ मिलकर दरोगा को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और कपड़े तक फाड़ डाले। दरोगा को पिटता देख साथ में मौजूद सिपाही भाग गया। बाद में दरोगा भी बड़ी मुश्किल से हमलावरों के चंगुल से छूटकर भागा। पुलिस ने मारपीट के आरोप में ब्लाक प्रमुख पति समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया तो उनकी पैरवी के लिए ब्लॉक प्रमुख थाने पहुंच गईं। पुलिस के अनुसार ब्लॉक प्रमुख की सास और जेठानी ने थाने में आग लगाने की धमकी दे डाली। पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख के पति, सास, जेठानी समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी ने भी गदरपुर थाने पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
मनचलों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत दरोगा जावेद हसन और कांस्टेबल ध्यान सिंह शुक्रवार सुबह सात बजे सादी वर्दी में गश्त पर निकले। जब वे तेजा फौजा मोड़ स्थित स्कूल के पास पहुंचे तो वहां राजू सिंह और बलकार सिंह खड़े मिले। दरोगा ने उनसे वहां खड़े होने का कारण पूछा तो दोनों अभद्रता पर उतर आए। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख सर्वजीत कौर के पति मुख्तयार सिंह सहित अन्य लोगों को फोन कर मौके पर बुला लिया। उन्होंने आते ही दरोगा और सिपाही पर हमला कर दिया। सिपाही तो भीड़ से बच निकला, लेकिन दरोगा को घेरकर उसकी जमकर पिटाई की गी। भीड़ के चंगुल से किसी तरह छूटकर भागे दरोगा ने थानाध्यक्ष ललित मोहन जोशी को घटना की जानकारी दी। उन्होंने घायल दरोगा को अस्पताल भिजवाया और खुद फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर ब्लॉक प्रमुख पति मुख्तयार सिंह, बलकार सिंह और राजू सिंह को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी की सूचना पर ब्लॉक प्रमुख सर्वजीत कौर ने परिजनों और समर्थकों के साथ थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया और पुलिस पर कई आरोप लगाए। उनका कहना था कि पुलिसकर्मी वर्दी में नहीं थे और अनजाने में यह घटना घटित हुई है। इस बीच ब्लॉक प्रमुख की सास जीत कौर और जेठानी अमरजीत कौर पत्नी बलवंत सिंह ने थाने में आग लगाने तक की धमकी दे डाली। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
थानाध्यक्ष ललित मोहन जोशी ने बताया कि पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख पति मुख्तयार सिंह, बलकार सिंह, राजू सिंह, आशू सिंह, जीत कौर, अमरजीत कौर (सभी निवासी तेजा फौजा) के खिलाफ धारा-147, 148, 332, 353, 392, 307, 504, 506, 225 आईपीसी, 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार मुख्त्यार सिंह, बलकार सिंह और राजू सिंह को जेल भेज दिया गया, जबकि शेष तीन आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
सूचना पर एसएसपी डॉ. सदानंद दाते भी थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। मामले की गंभीरता एवं तनाव की स्थिति को देखते हुए थाने में जिले के विभिन्न थानों से पुलिस फोर्स मंगवाया गया। तेजा फौजा से लगे क्षेत्र में फोर्स ने फ्लैग मार्च भी किया। इधर, पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख की कार (यूके06-आर 7283) कब्जे में लेकर सीज कर दी है। दरोगा जावेद हसन का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल करवाया गया।
पहले भी हो चुका है ब्लाक प्रमुख पति से विवाद
ब्लाक प्रमुख के पति के साथ पुलिस का विवाद पहले भी हो चुका है। पिछले माह 30 अगस्त को थाने के दरोगा योगेश दत्त जब गश्त कर रहे थे तब तेजा फौजा मोड़ पर मौजूद ब्लॉक प्रमुख पति मुख्तयार सिंह का उनसे विवाद हो गया था। दरोगा योगेश दत्त ने जब उसे किसी बात पर टोका तो वह अभद्रता पर उतारु हो गया। मामले में ब्लॉक प्रमुख पति मुख्तयार सिंह ने एसएसपी को पत्र देकर दरोगा पर गाली गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। अभी इस मामले की जांच चल रही है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाही : एसएसपी
एसएसपी सदानंद दाते ने पुलिस कर्मियों पर हमले की घटना को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा पुलिस के साथ अभद्रता और मारपीट एवं सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाना संगीन जुर्म है, इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा मनचलों पर कड़ाई से अंकुश लगाया जाएगा। उन्होंने स्कूलों में शिकायत पेटिका लगाने के निर्देश भी दिये। शिकायत करने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
वीडियो फुटेज से खुला मारपीट का राज
दरोगा और ब्लाक प्रमुख पति के साथ हुए विवाद की किसी ने मोबाइल से वीडियो बना ली और यह फुटेज पुलिस तक भी पहुंचा दी गई। वीडियो फुटेज में स्पष्ट हो रहा था कि ब्लाक प्रमुख के पति और उसके परिवार के लोग दरोगा के साथ मारपीट कर रहे हैं। वीडियो देखकर पुलिस कर्मी भी आक्रोश में आ गए। वहीं वीडियो बनाने वाले ने एसएसपी को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है। एसएसपी के निर्देश पर उसे सुरक्षा के लिए एक पुलिस कर्मी भी मुहैया कराया गया है।