पुलभट्टा के पास ओवरटेक करने को लेकर बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ओवरटेक करने को लेकर पुलभट्टा थाने से मात्र तीन सौ मीटर पहले पिथौरागढ़ डिपो की बस के चालक और कार सवार दो युवकों में मारपीट के बाद बवाल हो गया। कार सवार युवकों ने कथित तौर पर पिथौरागढ़ डिपो की रोडवेज बस समेत तीन बसों में तोड़फोड़ की और विरोध करने पर सवारियों के साथ भी मारपीट की। बवाल के दौरान कार भी क्षतिग्रस्त हुई। पिथौरागढ़ डिपो की बस में तीस सवारियां थीं, जिन्हें इस बवाल के चलते रात पुलभट्टे के पास एक ढाबे के बाहर गुजारनी पड़ी और तड़के दूसरी बस से सभी गंतव्य की ओर रवाना हुए। पुलभट्टा थाना पुलिस ने बस चालक और कार सवारों की तहरीर पर एनसीआर दर्ज की है।
पिथौरागढ़ डिपो की बस के कंडक्टर केडी मिश्रा ने थाना पुलभट्टा में दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात लगभग 11 बजे उनकी बस (यूके 07पीए 1079) पुलभट्टा के निकट एक ढाबे के पास पहुंची। इसी बीच पीछे से आ रही एक कार (यूके 06एए 7570) से दो युवक उतरे और पास न देने की बात करते हुए गाली-गलौच करने लगे। कंडक्टर के मुताबिक युवकों ने कथित तौर पर बस के शीशे तोड़ दिए। बाद में वहां खड़ी ऋषिकेश डिपो की बस यूके 07पीए 6673 और देहरादून डिपो की बस में भी तोड़फोड़ की। सवारियों के विरोध करने पर उनसे भी मारपीट की गई।
वहीं, कार सवार युवक प्रदीप कुशवाहा पुत्र रोहताश सिंह निवासी ढोलावन फार्म ने भी पुलभट्टा थाने में दी गई तहरीर में कहा कि वह अपनी कार यूके 06 एए 7570 से अपने दोस्त गौरव के साथ उत्तमनगर से किच्छा की ओर आ रहे थे कि पुलभट्टा के निकट रोडवेज की बस ने ओवरटेक किया, जिससे एक्सीडेंट होते-होते बचा। जब चालक को उसकी गलती बताई तो वह गालीगलौच करने लगा। इतने में वहां खड़े अन्य रोडवेज बसों के चालक परिचालक भी आ गए और उनसे मारपीट करते हुए कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने दोनों तहरीरों पर एनसीआर दर्ज कर ली है।