दरोगा के खेद व्यक्त न करने पर विधायक ने दिया धरना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छात्राओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में दरोगा की ओर से कथित रूप से किशोरों को पीटे जाने का मामला तूल पकड़ गया। आरोप है कि मामले में जानकारी लेने आए विधायक को दरोगा ने कोई तवज्जो नहीं दी। इससे नाराज विधायक कोतवाली परिसर में धरने पर बैठगए। जानकारी होने पर वहां पर पहुंचे सीओ की मौजूदगी में दरोगा ने खेद जताया, तब जाकर विधायक ने धरना समाप्त किया।
ब्लॉक क्षेत्र के विद्यालय प्रबंधकों ने पुलिस से शिकायत की थी कि स्कूल आते-जाते समय कुछ मनचले छात्राओं पर छींटाकशी करते हैं। इस पर पुलिस ने अभियान चलाया हुआ है। शुक्रवार को एसआई सतीश कापड़ी मुख्य बाजार में चेकिंग कर रहे थे। छात्राओं की मौखिक शिकायत पर वह बाइक सवार तीन किशोरों को कोतवाली ले आए। तीनों को एसआई जावेद हसन के हवाले कर वह चेकिंग पर चले गए। दरोगा ने किशोरों की बाइक एमवी एक्ट में सीज कर दी।
आरोप है कि उक्त दरोगा ने कथित रूप से किशोरों की पिटाई भी की। इस पर विधायक आदेश चौहान समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे। विधायक ने पिटाई मामले में दरोगा से खेद व्यक्त करने को कहा, जिस पर दरोगा ने दो टूक कह दिया कि उसकी कोई गलती नहीं है और बिना गलती के माफी नहीं मांगेगा। इस पर विधायक समर्थकों समेत कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंचे सीओ राजेश भट्ट ने संबंधित पक्षों की बात सुनी। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही। सीओ की मौजूदगी में दरोगा ने विधायक से सम्मान पूर्वक व्यवहार न करने के लिए खेद जताया। इसके बाद ही विधायक धरने से उठे।
दरोगा की ओर से किशोरों को कथित रूप से पीटे जाने के मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाएगी। विधायक के प्रति सम्मानजनक व्यवहार न करने के लिए दरोगा ने खेद प्रकट किया है। - राजेश भट्ट, सीओ काशीपुर।