{"_id":"003886aafb21898cc7382f7191c14485","slug":"brothers-turned-thief-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"चोर-चोर निकले सगे भाई","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
चोर-चोर निकले सगे भाई
ब्यूरो, अमर उजाला, रुद्रपुर
Updated Thu, 02 Apr 2015 12:26 AM IST
विज्ञापन
आवास विकास चौकी पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कृष्णा कालोनी से चोरी की एक बाइक भी बरामद की। बाद में पुलिस ने दोनाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
विज्ञापन
ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर रात आवास विकास चौकी इंचार्ज डीआर टम्टा पुलिस कर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी बीच आवास विकास रोड पर एक बाइक में सवार दो युवक पुलिस को देख भागने लगे। जब पुलिस की नजर उनकी बाइक की नंबर प्लेट पर पड़ी तो वह कागज से ढकी हुई थी। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम यूपी, जिला बरेली के थाना मीरगंज ग्राम महबरा और हाल ट्रांजिट कैंप कृष्णा कालोनी निवासी कुलदीप पुत्र राम निवास और पुनित पुत्र राम निवास बताया। बताया कि बाइक चोरी की है और वे दोनों सगे भाई हैं। सख्ती से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कृष्णा कालोनी से एक और बाइक बरामद की। थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि एक बाइक आवास विकास चौकी क्षेत्र से और दूसरी बाइक बहेड़ी से चोरी की गई है। बताया कि कुलदीप ट्रांजिट कैंप थाने में आठ जुलाई 2014 को हुई इंडिगो कार चोरी मामले में नामजद था और वह फरार चल रहा था। बाद में पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
विज्ञापन