{"_id":"579f4ad44f1c1b6f152b913b","slug":"beating-the-bull-created-a-scene-on-nh","type":"story","status":"publish","title_hn":"सांड़ को मारने पर एनएच में बखेड़ा ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
सांड़ को मारने पर एनएच में बखेड़ा
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
Updated Tue, 02 Aug 2016 12:56 AM IST
विज्ञापन
काशीपुर में जाम लगाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
बुग्गी में रखी घास को लावारिस सांड़ ने खाने से लिए खींचा तो बुग्गीवाला आग बबूला हो गया। उसने बुग्गी में रखे सब्बल से सांड़ को अधमरा कर डाला और भाग गया। बुग्गी वाले की हरकत से गुस्साए लोगों ने एनएच में जमकर हंगामा काटा और तीन घंटे तक एनएच को जाम रखा। उन्होंने बुग्गीवाले की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने भीड़ को समझाकर जाम खुलवाया और घायल सांड़ को पशु अस्पताल भिजवाया।
विज्ञापन
सोमवार सुबह रामनगर जाने वाले एनएच में कुमाऊं विहार कॉलोनी के मोड़ पर घास लदी एक बुग्गी गुजर रही थी। इसी बीच क्षेत्र में घूम रहे लावारिस सांड़ ने बुग्गी से घास खींच ली। जिससे बुग्गीवाला भड़क गया। उसने थोड़ी दूर जाकर बुग्गी को खड़ा किया और उसमें रखे सब्बल से सांड़ पर ताबड़तोड़ वार कर डाले।
विज्ञापन
जिससे सांड़ का एक सींग टूट गया और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। सांड़ के गिरने पर भी बुग्गीवाला उस पर सब्बल बरसाता रहा। लोगों ने विरोध किया तो चालक बुग्गी लेकर भाग गया। जिससे भड़के लोगों ने एनएच पर जाम लगा दिया। इसी बीच हिंदूवादी संगठनों के लोग भी पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
विज्ञापन
वहां पहुंचे पशु चिकित्सकों ने सांड़ का प्राथमिक उपचार किया। सूचना मिलते ही कोतवाल ओमप्रकाश, एसएसआई लाखन सिंह सहित पुलिस बल वहां पहुंच गया। मशक्कत के बाद पुलिस ने बुग्गीचालक को पकड़ने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। सांड़ को जेसीबी से वाहन में रखवाकर पशु अस्पताल पहुंचाया। तीन घंटे बाद जाम खुलने पर ही वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। जाम लगाने वालों में घनश्याम, अरुण शर्मा, अजय शर्मा, अनीता, सुरेश आदि थे।
हिंदूवादी संगठनों का कोतवाली में प्रदर्शन
एनएच में सांड़ को अधमरा करने के विरोध में हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया। उन्होंने हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कहा कि आरोपी ने जानबूझकर सांड़ को जान से मारने का प्रयास किया। उन्होंने कोतवाली में जमकर नारेबाजी भी की। इनमें प्रशांत पंडित, गुरविंदर चंडोक, मदन मोहन गोले, अजय आदि थे।