फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Udham Singh Nagar News ›   20 nominations including the Education Minister on the Chowk surrounded by the police

चौकी घेरने, दरोगा से मारपीट पर शिक्षा मंत्री समेत 20 नामजद

Wed, 27 Mar 2019 12:02 AM IST
अरुण कुमार अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो Published by: अरुण कुमार Updated Wed, 27 Mar 2019 12:02 AM IST
विज्ञापन
20 nominations including the Education Minister on the Chowk surrounded by the police
काशीपुर कुंडेश्वरी चौकी में शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में सीओ और कोतवाल से उलझते लोग। - फोटो : amar ujala

अवैध खनन के आरोप में चार डंपर सीज करने पर मंगलवार को कुंडेश्वरी पुलिस चौकी में हंगामा हो गया। आचार संहिता लगी होने के बावजूद 150 से अधिक क्रशर स्वामियों और खनन कारोबारियों ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के नेतृत्व में चौकी घेर ली। चौकी प्रभारी से धक्कामुक्की और मारपीट की गई।

विज्ञापन


चौकी प्रभारी ने किसी तरह बाथरूम में छुपकर अपनी जान बचाई। करीब एक घंटे बाद सीओ, कोतवाल के मौके पर पहुंचने और लोगों को समझाने के बाद मामला शांत हुआ। देर शाम चौकी इंचार्ज की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और चुनाव आचार संहिता की अवहेलना समेत अन्य धाराओं में मंत्री अरविंद पांडेय समेत बीस लोगों के खिलाफ नामजद, जबकि सौ-सवा सौ अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने इनमें से चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। कोतवाल चंचल शर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रहीं हैं।  
विज्ञापन


  मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जुड़का में अवैध खनन की सूचना पर चौकी प्रभारी अर्जुन गिरि के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर चार डंपर सीज कर चौकी में खड़ा करा दिए। इसके विरोध में दर्जनों खनन कारोबारी कुंडेश्वरी स्थित हाईडिल कॉलोनी में एकत्र हुए। सूचना पर शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय भी आ गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


यहां से खनन कारोबार से जुड़े करीब 150 लोग शिक्षा मंत्री के नेतृत्व में कुंडेश्वरी पुलिस चौकी जा पहुंचे। चौकी प्रभारी अर्जुन गिरि पर गंभीर आरोप लगाते हुए कुछ खनन कारोबारियों ने उनसे गालीगलौज, धक्कामुक्की और हाथापाई की। चौकी प्रभारी को भीड़ में खींचने का प्रयास भी किया गया।

चौकी प्रभारी ने भागकर बाथरूम में खुद को बंद करके जान बचाई। इस बीच शिक्षा मंत्री ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया।  सीओ मनोज कुमार ठाकुर और कोतवाल चंचल शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने जांच का भरोसा दिलाया। इसके बाद सभी लोग लौट गए।
...
कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी की तहरीर पर बीस लोगों को नामजद करते हुए 100-125 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मदद के लिए एक प्लाटून पीएसी मंगाई गई है। चुनाव के दौरान अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। दूसरे पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। 
-डॉ. जगदीश चंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक, काशीपुर। 

कुंडेश्वरी चौकी में हुए हंगामे का मामला संज्ञान में है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर दी गई है।
- डॉ. नीरज खैरवाल, जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम।


‘चुनाव आचार संहिता लगी हुई है, इसलिए मैंने किसी अधिकारी को बुलाना उचित नहीं समझा। लोग काफी आक्रोशित थे, इस वजह से मैं उनके साथ खुद ही चौकी चला गया, जब वहां लोगों ने चौकी प्रभारी से अभद्रता की कोशिश की तो मैंने खुद उन्हें समझाबुझाकर शांत कराया।’
- अरविंद पांडेय, शिक्षा मंत्री 


इन धाराओं और मंत्री समेत अन्य के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा 
काशीपुर। कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी अर्जुन गिरि गोस्वामी की तहरीर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे, दीपक बाली, बलविंदर सिंह, गुरनाम सिंह, मंगा सिंह, सतनाम सिंह, रविंद्र सिंह, गुरमीत सिंह, जितेंद्र सिंह, राजू सिंह, प्रमोद सिंह, अनमोल अग्रवाल, भगत सिंह, सोनू चौधरी, बिट्टू सिंह, मलकीत सिंह, गुरपेज सिंह, मनिक गिल, जोगेंद्र सिंह व बलविंदर सिंह समेत 100-125 अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी सेवक को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धारा 147, 188, 332, 353, 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दिनेश बल्लभ को सौंपी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों बलविंदर सिंह, गुरविंदर सिंह, मंगा सिंह व बलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। 

चौकी प्रभारी पर लगाए आरोप 
खनन कारोबारियों ने शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में चौकी प्रभारी पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने और खनन कारोबार से जुड़े लोगों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि नियमों की अनदेखी कर खनन वाहन सीज किए जाते हैं। वाहन चेकिंग के दौरान भी चौकी प्रभारी अभद्रता करते हैं। चौकी प्रभारी ने एक हफ्ते पहले जिला पंचायत सदस्य को बेवजह लॉकअप में बंद कर दिया, बाद में चेतावनी देकर छोड़ा। एक स्टोन क्रशर स्वामी से उसके परिजनों की मौजूदगी में ही चौकी प्रभारी ने अभद्रता की थी। कई युवकों को खनन माफिया का मुखबिर बताकर उनके साथ सार्वजनिक तौर पर अभद्रता की गई। 

बोलरो से होती है वाहनों से वसूली 
घेराव के दौरान खनन कारोबारियों ने पुलिस पर एक व्यक्ति के माध्यम से खनन वाहनों से अवैध वसूली कराने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि काले रंग के शीशे चढ़ी बोलेरो में पुलिस कर्मी स्टोन क्रशर के आसपास मंडराते रहते हैं। भीमनगर मोड़ पर एक युवक वाहनों से वसूली करता है। 


वसूली के आरोप में एक माह पहले ही लाइन हाजिर हुआ था चौकी का स्टाफ 
काशीपुर। काशीपुर पुलिस ने बंजारी गेट पर खनन वाहनों से पुलिस के नाम पर वसूली करते ग्राम चौकीदार प्रतापपुर निवासी खुर्शीद को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने वाहन चालकों से वसूले गए 2400 रुपये भी बरामद किए थे। अवैध खनन की शिकायतें सही पाए जाने पर एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने 27 फरवरी को कुंडेश्वरी के तत्कालीन चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह बिष्ट समेत वहां तैनात 15 कांस्टेबलों को लाइन हाजिर कर दिया था। लाइन हाजिर किए गए सिपाहियों में वीरेंद्र सिंह बिष्ट उपनिरीक्षक, कांस्टेबिल राजेंद्र रौतेला, नीरज कुमार, देवेंद्र वर्मा, सुशांत चौहान, बीरेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, राजेंद्र गिरि, दीप चंद्र, धर्मेंद्र भारती, पूरन सिंह, राजेंद्र बोरा, दिनेश धपोला, लाल सिंह, कैलाश गोस्वामी व दीवान सिंह थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर सभी का अंतरजनपदीय तबादला भी कर दिया गया है। इसके बाद एसएसपी ने उपनिरीक्षक अर्जुनगिरि गोस्वामी को कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी नियुक्त किया था। 



लोस चुनाव के बहिष्कार की दी धमकी 
काशीपुर। पुलिस के कथित उत्पीड़न और मुकदमा दर्ज होने से भड़के खनन कारोबारियों, ट्रांसपोर्टरों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने तक की धमकी दी है। इस बावत 27 मार्च बुधवार सुबह दस बजे कुंडेश्वरी स्थित हाईडिल कालोनी में एक बैठक आयोजित की गई है। ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष तरसेम सिंह ने बताया कि कुंडेश्वरी पुलिस ने उत्पीड़नात्मक रवैये के विरोध में कई ग्राम पंचायतों के प्रधान, बीडीसी सदस्यों व खनन कारोबारियों ने आपस में चर्चा की। पुलिस के रवैये से सभी जनप्रतिनिधि और खनन कारोबारी आहत दिखे। बैठक में उत्पीड़न करने के दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। क्षेत्रवासियों से बुधवार को आयोजित बैठक में भाग लेने की अपील की गई। 

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed