केलाखेड़ा में पैसे न देने पर बेटे ने धारदार हथियार से पिता पर जानलेवा हमला बोल दिया। घायल पिता का नगर के निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने आरोपी युवक की पिटाई कर दी।
मंगलवार रात केलाखेड़ा के वार्ड संख्या एक निवासी शाने आलम अपने पिता शकूर अहमद से पांच हजार रुपये मांग रहा था। पिता के मना करने पर बेटे शाने आलम ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इसमें शकूर अहमद घायल हो गए। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शाने आलम को खरी खोटी सुनाते हुए धुनाई कर दी। शकूर अहमद ने थाने में तहरीर देकर अपने बेटे शाने आलम पर घर में रखे करीब पांच हजार रुपये की नकदी जबरन निकालने, घर के अंदर रखा सामान तोड़ने और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर घायल करने का आरोप लगाया। मारपीट के दौरान शाने आलम भी चोटिल हुआ है। एसओ ओमप्रकाश ने बताया कि आरोपी शाने आलम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।