रुद्रपुर। दो करोड़ का ऋण जमा नहीं करने पर यूनियन बैंक प्रबंधन ने पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर कोल्ड स्टोर को सील कर नोटिस चस्पा कर दिया है। सात दिनों में ऋण जमा नहीं करने पर संपत्ति की नीलामी कर दी जाएगी।
फौजी मटकोटा भूरारानी निवासी बसंत कुमार चौधरी ने 10 वर्ष पहले यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा (एरोन प्लाजा कल्याणी व्यू सरस्वती मंदिर के सामने, रुद्रपुर) से अन्नपूर्णा कोल्ड स्टोर के नाम पर दो करोड़ 16 लाख से अधिक का ऋण लिया था। लेकिन उसने किस्तें जमा नहीं कीं। बैंक के वसूली विभाग के प्रबंधक पंकज पांडे ने बताया कि बैंक की ओर से ऋण जमा करने के लिए उक्त व्यक्ति को नोटिस भेजे गए थे लेकिन उसका भी कोई जवाब नहीं दिया गया। बसंत कुमार के खिलाफ कार्रवाई के लिए बैंक प्रबंधन की ओर से डीएम कार्यालय में पत्राचार किया गया था। डीएम से कार्रवाई के निर्देश मिलने पर मंगलवार को बैंक प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में उक्त व्यक्ति के फौजी मटकोटा में एक हेक्टेयर जमीन में बने मैसर्स अन्नपूर्णा कोल्ड स्टोरेज एवं आइस फैक्ट्री को सील कर दिया। साथ ही नोटिस चस्पा किया गया है, जिसमें ऋण नहीं चुकाने पर 18 जनवरी को संपत्ति की नीलामी करने की चेतावनी दी गई है। वहां बैंक के क्षेत्र प्रमुख हल्द्वानी जितेंद्र रौतेला, शाखा प्रबंधक मृत्युंजय, एसआई महेश कांडपाल, मनीष रंजन, विभोर गुप्ता और क्षितिज गुलाटी मौजूद रहे।