खटीमा में बड़ी सौगात: सीएम धामी ने 722 लाख की गौशाला का किया लोकार्पण, 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को खटीमा के हल्दीघेरा गांव में 722.76 लाख की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण और 10884.28 लाख की 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को हल्दीघेरा गांव में 722.76 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित हाईटेक गोशाला का लोकार्पण किया। उन्होंने 10884.28 लाख रुपये की 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोशाला के माध्यम से सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय मिलेगा। इससे किसानों को फसलों की सुरक्षा में होने वाली परेशानी और सड़क दुर्घटनाओं के खतरे से भी राहत मिलेगी। आवश्यकता के अनुसार गोशाला का भविष्य में विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गो सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। ग्राम्य गो सेवक योजना को पूरे प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गोशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंश ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण आधार है। बद्री गाय के शुद्ध घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हैं।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य हो रहा है। उन्होंने निराश्रित गोवंश के लिए गोशाला निर्माण को महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि लालकुआं में उच्च पशु चिकित्सालय का निर्माण किया जा रहा है।
इन योजनाओं का हुआ शिलान्यास
राज्य मार्ग-70 सत्रहमील से नानकसागर प्रभाग में 3444.29 लाख से 13.600 किमी सड़क का उच्चीकरण, पुरनपुर मेन रोड से जोगीढेर तक 241.96 लाख से चार किमी हॉट मिक्स रोड, पहेनिया में देहवा फीडर शारदा नहर पर 248.08 लाख से 36 मीटर स्पान पुल, ज्ञानपुरगोढ़ी के पीपलगोला में 656.75 लाख से एक किमी मोटर मार्ग और देहवा नदी पर 60 मीटर स्पान आरसीसीपीएससी गार्डर पुल, बरीराई में 297 लाख से गोशाला तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा में 706.91 लाख से आवासीय भवन निर्माण शामिल है।
इसके अलावा सुखापुल से लोहियाहेड मोटर मार्ग के 6.400 किमी हिस्से का 613.48 लाख से सुदृढ़ीकरण, जोगीढेर नगला में 601.91 लाख से छह किमी हॉट मिक्स रोड, मेलाघाट रोड से मयूर बिहार तक 305.04 लाख से 2.600 किमी इंटरलॉकिंग टाइल्स से सड़क पुनर्निर्माण, खेतलसंडाखाम में खकरा नाले पर 272.48 लाख से 20 मीटर स्पान आरसीसी पुल और मुख्य रोड से खकरा क्रोकोडायल ट्रेल तक 345.01 लाख से 3.040 किमी मोटर मार्ग निर्माण शामिल है।
बिकराबाग-चकरपुर मार्ग को 944.70 लाख से 4.875 किमी तक एक लेन से डेढ़ लेन में उच्चीकृत करने, खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक 1342.63 लाख से फोरलेन सड़क व प्रकाश व्यवस्था, सिसैया-मेलाघाट व एसएसबी कैंप कार्यालय के लिए 462.62 लाख का बाढ़ सुरक्षा कार्य और सात गांवों में 401.42 लाख से नदी-नालों की बाढ़ से आवासीय भवनों की सुरक्षा के कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, काशीपुर मेयर दीपक बाली, खटीमा ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, प्रेम सिंह टूरना, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, कैप्टन गंभीर सिंह धामी, उत्तम दत्ता, किशन सिंह किन्ना, रंजीत सिंह नामधारी, फरजाना बेगम, मंजीत सिंह राजू, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष राजेंद्र अन्थवाल, प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, श्रीपाल सिंह, रवींद्र राणा, मनोज साही, राजपाल सिंह, बलराज सिंह, सतीश भट्ट, नंदन खड़ायत, डॉ. विनीता सक्सेना, रंदीप पोखरिया, अमित पांडेय, रमेश जोशी, भुवन जोशी, नवीन बोरा, महेश राणा आदि मौजूद रहे।