क्षेत्र की जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग के लिए खेमपुर की जिला पंचायत सदस्य सुमन सिंह का पैदल मार्च और जनसभा का कार्यक्रम जारी है। रविवार को सुमन सिंह ने धीमरखेड़ा से बलखेड़ा होकर जाने वाली सड़कों के निर्माण की मांग के लिए ग्राम खानपुर पश्चिम से शांतिग्राम तक पैदल मार्च निकाला। उन्होंने धीमरखेड़ा, फतेहगंज और शांतिग्राम में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया।
सुमन सिंह ने कहा कि खानपुर पश्चिम से अहमदनगर होते हुए धीमरखेड़ा तक करीब छह किमी, रूपपुर से मजरा विधि जाने वाले दो किमी, मसीत से रूपपुर जाने वाले एक किमी एवं बलखेड़ा से शांतिग्राम होकर राजपुरा जाने वाले करीब पांच किमी लंबे मार्ग की लगातार उपेक्षा हो रही है। गड्ढों में तब्दील सड़कों पर पैदल चलना दूभर हो गया है। इसके लिए क्षेत्रीय जनता के सहयोग से पैदल मार्च और जनसभाएं की जा रही हैं। वहां डॉ. श्याम सिंह, जकी उल्ला खान, ममता हालदार, परमजीत कौर, शीला रानी, विद्या बाई, लक्ष्मी देवी, सुरेंद्र कंबोज आदि थे। (संवाद)