दो साल से खस्ताहाल सड़क के गड्ढों को पाटने का काम शुरू हो गया है। विधायक राजकुमार ठुकराल ने अमर उजाला में छपी खबर के बाद पीडब्लूडी अधिकारियों के साथ सड़क का मुआयना किया। उन्होंने अपने सामने गड्ढों को पाटने का काम शुरू कराया। बताया कि पूरी सड़क के गड्ढे पाटे जाएंगे और सड़क का पुर्ननिर्माण कर हॉटमिक्स बनाया जाएगा। लोनिवि ने इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-74 और 84 को जोड़ने वाली काशीपुर रोड स्थित विकासखंड कार्यालय की सड़क में पॉलीटेक्निक कॉलेज, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, पशु अस्पताल, लघु सिंचाई विभाग, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एएनझा इंटर कॉलेज और सखी वन स्टॉप सेंटर को जाने का रास्ता है। गड्डों की वजह से अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। अमर उजाला ने नौ अगस्त को ‘दो साल में भी नहीं भर पाए सड़क के गड्ढे’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेते विधायक ने पीडब्लूडी अधिकारियों को तलब किया और गड्ढे भरवाने का काम शुरू कराया।