UK: नौकरी की तलाश में आए युवक का फंदे से लटका मिला शव, कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट
नौकरी की तलाश में बिहार से पंतनगर आए 21 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने की बात कही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया है।
विस्तार
नौकरी की तलाश में बिहार से पंतनगर आए 21 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया और परिजनों को सूचना दे दी।
जानकारी के अनुसार, बिहार आरा निवासी सौरव पुत्र गजेंद्र सिंह सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में कार्यरत है और पंतनगर थाना क्षेत्र के छतरपुर में किराये के कमरे में रहता है। करीब 20 दिन पहले उसका जुड़वां भाई गौरव कुमार (21) भी नौकरी की तलाश में उसके पास आया था। मंगलवार सुबह सौरव ड्यूटी पर चला गया, जबकि गौरव कमरे में अकेला था। शाम को लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर गौरव फंदे पर लटका मिला। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर संजय वन चौकी प्रभारी नरेंद्र अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने कहा कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों से पूछताछ में भी आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।