काशीपुर। पुरानी सब्जी मंडी में दो माह पूर्व हुए भीषण अग्निकांड में प्रभावित 65 दुकानदारों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से बारह लाख बीस हजार की सहायता राशि के चेक बांटे गए। कुछ दुकानदारों ने नुकसान के मूल्यांकन पर आपत्ति जताते हुए विधायक हरभजन सिंह चीमा से शिकायत की।
बुधवार को नगर निगम सभागार में विधायक हरभजन सिंह चीमा, मेयर ऊषा चौधरी और नगर आयुक्त/ एसडीएम गौरव सिंघल ने सहायता राशि का वितरण किया। 11 दुकानदारों को 50-50 हजार, 15 को 25-25 हजार, 20 को 10-10 हजार, और 19 दुकानदारों को 5-5 हजार रुपये के चैक सहायता राशि के रूप में दिए गए। चैक वितरण से पहले कुछ दुकानदारों ने अपनी नाराजगी जाहिर कर कहा कि उनका जितना नुकसान हुआ है आकलन में उससे बहुत कम दिखाया गया है। विधायक ने दुकानदारों को समझाते हुए कहा कि किसी के साथ कोई पक्षपात नहीं हुआ है। नगर आयुक्त ने कहा कि दुकानदारों ने अपना नुकसान जितना दिखाया था शासन ने उस पर संदेह जताया था जिसके चलते फिर से एक बार जांच कराई गई थी। आकलन करने वाले कर्मचारियों ने पूरी जांच कर नुकसान का ब्योरा तैयार किया। वहां भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष खिलेंद्र चौधरी, आशीष गुप्ता, व्यापारी नेता अश्वनी छाबड़ा, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रभात साहनी, पार्षद अमन बाली, गुरविंदर चंडोक, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा आदि थे।