{"_id":"67c15f7ae6ca6c04e00d29ec","slug":"acid-thrown-on-female-lawyer-in-thakurdwara-2025-02-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"ठाकुरद्वारा में महिला वकील पर फेंका तेजाब: जसपुर के है आरोपी, दिनदहाड़े बाइक सवारों ने दिया वारदात को अंजाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ठाकुरद्वारा में महिला वकील पर फेंका तेजाब: जसपुर के है आरोपी, दिनदहाड़े बाइक सवारों ने दिया वारदात को अंजाम
Fri, 28 Feb 2025 12:32 PM IST
हीरा मेहरा
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
Published by: हीरा मेहरा
Updated Fri, 28 Feb 2025 12:32 PM IST
सार
ठाकुरद्वारा में कोतवाली से सटी कचहरी में बाइक सवार दो आरोपियों ने महिला वकील पर तेजाब से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने कनपटी पर तमंचा रखकर धमकी भी दी। पुलिस ने दो हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विस्तार
ठाकुरद्वारा में कोतवाली से सटी कचहरी में बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बाइक सवार दो आरोपियों ने महिला अधिवक्ता पर तेजाब से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने कनपटी पर तमंचा रखकर धमकी भी दी। तेजाब से महिला अधिवक्ता के सिर के बाल और कपड़े झुलस गए। दिनदहाड़े कचहरी में हुई इस घटना के विरोध में अधिवक्ताओं ने कोतवाली में प्रदर्शन किया। पुलिस ने दो हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
विज्ञापन
ठाकुरद्वारा के एक मोहल्ला निवासी महिला अधिवक्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने किरायेदार के साथ बाइक से बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे कचहरी पहुंचीं। किरायेदार उन्हें कचहरी में छोड़कर चले गए। तभी जसपुर के कुंडा थाना क्षेत्र के लालपुर निवासी सचिन कुमार और उसका रिश्तेदार जसपुर थाना क्षेत्र के महुआडाबरा निवासी नितिन कुमार बाइक से आ गए। आरोपियों ने महिला अधिवक्ता पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब से उनके कपड़े, सिर के बाल झुलस गए।
विज्ञापन
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उनकी कनपटी पर तमंचा रख दिया और कहा कि उन्हें बेहतरीन तोहफा देंगे। महिला अधिवक्ता के शोर मचाने पर अन्य वकील मौके पर आ गए तो आरोपी भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला अधिवक्ता को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन
अधिवक्ता का कहना है कि दोनों आरोपी पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। वह आरोपियों के खिलाफ दर्ज दो मामलों में दूसरे पक्ष की ओर से पैरवी कर रही हैं। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।