खटीमा: जंगल में मशरूम बीनने गई महिला को हाथी ने पटककर मार डाला, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
खटीमा के श्रीपुर बिचवा गांव की देवकी राणा को शुक्रवार को हल्द्वानी वन प्रभाग के सेनापानी जंगल में हाथी ने कुचलकर मार डाला। वह जानवरों के लिए चारा और जंगली मशरूम बीनने गई थीं। वन विभाग और बनबसा थाने की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
खटीमा के श्रीपुर बिचवा गांव की 55 वर्षीय देवकी राणा को शुक्रवार को हल्द्वानी वन प्रभाग के सेनापानी जंगल में एक हाथी ने कुचलकर मार डाला। यह घटना तब हुई जब देवकी राणा जानवरों के लिए चारा और जंगली मशरूम बीनने गई थीं। वन विभाग और बनबसा थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देवकी राणा पत्नी जवाहर सिंह राणा गांव के अन्य लोगों के साथ सेनापानी के जंगल में गई थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक एक हाथी ने देवकी पर हमला कर दिया। हाथी ने देवकी राणा को जमीन पर पटककर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
मृतका के पुत्र ने तत्काल वन विभाग की चौकी में इसकी सूचना दी। इस पर शारदा रेंज, हल्द्वानी वन प्रभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। साथ ही बनबसा थाना (चंपावत) के पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंच गए।
किलपुरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कैलाश गुणवंत ने बताया कि यह घटना जुबलीगंज बीट, कंपार्ट नंबर दो, सेनापानी, शारदा रेंज की है। मृतका खटीमा के श्रीपुर बिचवा गांव की रहने वाली थीं। पुलिस और वन कर्मियों ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।