विधायक शक्ति लाल शाह ने मंगलवार को भिलंगना ब्लाक के आपदा प्रभावित गांव मेड, मरवाड़ी और निवालगांव का भ्रमण किया और अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं और सिंचाई नहरों की मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा प्रभावित ग्रामीणों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने भी टीम के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया।
सोमवार तड़के चार बजे मेड गांव में बादल फटने से मेड और निवालगांव सहित मरवाड़ी में भी भारी नुकसान हुआ था। मंगलवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करते हुए विधायक शाह ने पेयजल योजना की जल्द मरम्मत कर सिंचाई नहर मनरेगा से बनाने को कहा। विधायक ने कहा कि आपदा से खेतों को जो नुकसान हुआ है, राजस्व विभाग जल्द उसका मूल्यांकन करे, जिससे प्रभावित काश्तकारों को नुकसान का प्रतिकर भुगतान कराया जा सके। प्रधान अखिलेश ने बताया कि निवाल गांव में बावन सिंह और विजेंद्र सिंह बिष्ट के घराट भी बह गए थे। इस मौके पर प्रमुख वसुमति घणाता, राजकुमार कठैत, प्रधान अखिलेश, मालचंद बिष्ट, चंद्रेश नाथ, अव्वल छनवान, खुशाल सिंह, अनूप बिष्ट, दिनेश नौटियाल और मुकेश नाथ आदि मौजूद थे। उधर घनसाली के पूर्व विधायक भीमलाल आर्य ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर प्रभावितों को शीघ्र राहत देने की मांग की। उन्होंने सीएम को भेजे ज्ञापन में आपदा प्रभावितों को जल्द मुआवजा देने की मांग की।