{"_id":"d364b33b2b9f0f11794c725e3c80e44a","slug":"pampapur-ki-ramlila-will-ne-released-on-february-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मई में रिलीज होगी पंपापुर की रामलीला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मई में रिलीज होगी पंपापुर की रामलीला
ब्यूरो/अमर उजाला, टिहरी
Updated Sun, 29 Nov 2015 09:07 PM IST
विज्ञापन
बाल मन में इच्छाएं तो बहुत होती हैं, लेकिन हर एक पूरी नहीं हो पाती हैं। ऐसे ही एक बालक ने गांव की रामलीला देखने की मन में ठान ली थी, जिसे पूरा करने के लिए वह रात-दिन एक कर देता है। कुछ ऐसी ही कहानी पर आधारित फिल्म की शूटिंग आजकल चंबा में चल रही है। बच्चों पर आधारित बॉलीवुड की पारिवारिक फिल्म पंपापुर की रामलीला अगले वर्ष मई में रिलीज हो जाएगी।
विज्ञापन
अमेजिंग मूवी के बैनर तले बन रही पंपापुर की रामलीला को उत्तराखंड की हसीन वादियों में शूट किया जाएगा। इन दिनों फिल्म की शूटिंग चंबा के गांवों और स्कूलों में की जा रही है। फिल्म को मुख्य रूप से बच्चों पर केंद्रित किया जा रहा है। खास बात यह है कि स्थानीय बच्चों को भी इस फिल्म में अभियन करने का मौका दिया जा रहा है।
विज्ञापन
बेस्ट फिल्म अवार्ड से सम्मानित प्रसाद जैसी सफल फिल्म में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके लेखक निर्देशक मनोज सती इस बार पंपापुर की रामलीला मेें बच्चों और रामलीला पर आधारित फिल्म बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म की अधिकांश शूटिंग उत्तराखंड में होगी। फिल्म में रामलीला का भी दृश्य होने के कारण देवभूमि में फिल्म शूट करने का निर्णय लिया है। फिल्म मुख्य रूप से बच्चों की आकांक्षाओं की कहानी है। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग 15 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी।
विज्ञापन
दूसरी ओर मशहूर अभिनेता गुलशन ग्रोवर ने कहा कि उत्तराखंड की खूबसूरती फिल्मों की शूटिंग के लिए बेहतर है। यह हमारी खुशकिस्मती है, कि हमें यहां पर फिल्म शूट करने का मौका मिला है। पंपापुर की रामलीला फिल्म में गुलशन ग्रोवर को रामलीला मंडली के निदेशक का किरदार मिला है। फिल्म में उनका नाम सरजी है। शूटिंग के दौरान बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वह कई बार उत्तराखंड आए हैं, लेकिन कभी शूटिंग करने का मौका नहीं मिला है। टिहरी में पहली बार शूटिंग करने में बहुत मजा आ रहा है।
मशहूर हास्य अभिनेता राजपाल यादव उत्तराखंड की प्राकृतिक छटा के कायल हो गए। कहते हैं कि वह अब यहां बार-बार आते ही रहेंगे। पंपापुर की रामलीला फिल्म में उन्हें रामलीला के प्रोडक्शन मैनेजर का रोल मिला है। फिल्म में उनका नाम केपी रौतेला रहेगा। राजपाल यादव कहते हैं कि चार धाम के साथ-साथ पहाड़ की शांत वादियां हर किसी के दिल को छू लेती हैं।