कोरोना संक्रमण को लेकर गठित निगरानी एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में सदस्यों ने कोरोना संक्रमण से बचाव के उपायों को और बेहतर करने, अस्पतालों में जन जागरूकता के लिए पोस्टर, फ्लैक्स लगाने, दूरस्थ अस्पतालों, सामुदायिक भवनों और स्कूलों में भी साफ-सफाई की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। साथ ही समिति ने पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को सरकार के नियमों का कड़ाई से पालन करवाने के निर्देश दिए।
जिला सभागार में हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित निगरानी समिति की बैठक में समिति के सदस्य/ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अशोक कुमार, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने सभी नोडल अधिकारियों को शरीरिक दूरी, मास्क और सामुदायिक स्थलों पर सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने संक्रमितों के लिए कोविड सेंटरों में पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य वर्द्धक टॉनिक उपलब्ध कराने, निकायों का सैनिटाइेजशन, थर्मा मीटर, विटामिन सी, मास्क, सैनिटाइजर उपलब्ध करवाने को कहा। इस मौके पर डीईओ बेसिक एसएस बिष्ट, एआरटीओ एनके ओझा, डिप्टी सीएमओ डॉ. दीपा रूवाली, डीएसओ मुकेश पाल, डॉ. जगदीश जोशी, ईओ राजेंद्र सजवाण, कुलदीप नैथानी, वीरेंद्र पंवार, यूडी तिवारी, महेश चंद, रमेश चंद उपस्थित रहे।