प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन ने जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी को दिए ज्ञापन में प्रशिक्षित पीआरडी जवानों की लंबित समस्याओं का निराकरण करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कई बार मांग करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे पीआरडी जवानों में खासी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि आठ सूत्री मांगों पर 15 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं की जाती है, तो संगठन को धरने पर बैठने को मजबूर होना पड़ेगा।
प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन ने सभी प्रशिक्षित पीआरडी जवानों को परिचय पत्र जारी करने, कुंभ मेला व थाना ड्यूटी में प्रशिक्षित जवानों को तैनात करने, शिक्षा विभाग में मांग के अनुरूप चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर प्रशिक्षित जवानों की तैनाती करने, राजस्व विभाग व राजस्व पुलिस क्षेत्रों में वित्तीय वर्ष 2019-20 से कार्यरत जवानों को आउटसोर्सिंग व संविदा कर्मचारियों की भांति 11 माह की सेवा विस्तार, जिले में अन्य विभागों में तैनात पीआरडी जवानों का समय पर मानदेय भुगतान करने, पीआरडी जवानों का वर्ष 2020-21 का मानदेय भुगतान करने और पुराने जवानों का समायोजन होने तक नई भर्ती पर रोकने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में संघ के अध्यक्ष प्रकाश सिंह रावत, सुबोध उप्रेती, हुकम चंद, रामवीर, पदम सिंह, देवेश्वरी, सुशीला और अंजू आदि शामिल थे।