स्थानीय निकायों और सरकारी विभागों में सफाई व्यवस्था ठेका प्रथा समाप्त करने सहित 11 सूत्री मांग को लेकर देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संगठन से जुड़े कर्मियों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। मांग के समर्थन में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द समस्या समाधान करने की मांग की। ऐसा न करने पर प्रदेशभर में उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संगठन से जुड़े कर्मी संगठन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र कठेरिया के नेतृत्व में हनुमान चौक में एकत्रित हुए। वहां से मांग के समर्थन में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। मुख्यमंत्री से सफाईकर्मियों को पदोन्नति देने, पुरानी पेंशन बहाल करने, राज्य कर्मियों की भांति भत्ता देना, सामूहिक बीमा योजना का लाभ देने, रिक्त चल रहे पदों को मृत घोषित न करने और सरकारी विभागों में सफाई व्यवस्था ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में संगठन के शाखाध्यक्ष सुनील कुमार डब्बू, सुशील कुमार, महिपाल, राजेश, राजन, बब्बी, अनिल, रूपा देवी, ऊषा देवी, मिथिलेश, सुनीता, सुमित्रा आदि शामिल रहे।