धनोल्टी तहसील के जौनपुर रेंज के अंतर्गत भाल बीट के मोरियाणा नामे तोक में वन विभाग और थत्यूड़ थाना पुलिस ने अतिक्रमण हटाया। इस दौरान वहां बने अवैध खोखे, दुकान और अन्य प्रकार के अतिक्रमण को ध्वस्त कर भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
मंगलवार को मसूरी वन प्रभाग की जौनपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार राणा के नेतृत्व में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मोरियाणा तोक में अवैध अतिक्रमण हटाया। इस दौरान कई ग्रामीणों के साथ टीम की नोकझोंक हुई। बताया कि मोरियाणा क्षेत्र में पर्यटक काफी संख्या में पहुंचते हैं, लेकिन कई लोगों ने वन विभाग की जगह पर खोखे, दुकान और अन्य प्रकार का अतिक्रमण किया हुआ है। कई बार चेतावनी देने पर भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। बताया कि भविष्य में दुबारा अतिक्रमण किए जाने पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस मौके पर कैंपटी रेंज के वन बीट अध्किारी सुशील गौड़, वन दरोगा अर्जुन सजवाण, राम सिंह पंवार, विजेंद्र कोकलियाल, अरविंद रावत, जयवीर सिंह रांगड, आनंद सिंह रांगड, रामलाल लेखवार, नीलकंठ पोखरियाल आदि मौजूद थे।