केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों ने चारधाम परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान परियोजना से प्रभावित गुल्डी और मठियाण गांव के ग्रामीणों द्वारा लंबित मांगों का निराकरण न होने पर रोष जताया गया, तो अधिकारियों ने समस्याओं का निराकरण जल्द करने का भरोसा दिया।
बृहस्पतिवार को केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के निजी सचिव संकेत भोंडवे ने बीआरओ के अधिकारियों के साथ ऋषिकेश-चंबा-गंगोत्री राजमार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना के अंतर्गत हाईवे पर चंबा नगर के ठीक नीचे बनी सुरंग का भी देखी। इस दौरान सुरंग से प्रभावित मठियाण गांव के लोगों ने कई साल बाद भी मांगों पर कार्रवाई न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। गांव के अखिलेश कोठियाल और जगदीश प्रसाद कोठियाल ने कहा कि सुरंग के कारण उनके मकान और खेतों में दरारें आ गई है, लेकिन उन्हें नुकसान का मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। जिला पंचायत सदस्य यलमा सजवाण, सभासद अंकित सजवाण और सोहनवीर सजवाण ने कहा कि ऑल वेदर परियोजना के कारण गुल्डी गांव के टूटे पैदल रास्तों की अभी तक मरम्मत नहीं कराई गई है। कई ग्रामीणों को डंपिंग जोन का मुआवजा भी नहीं मिल पाया है। बारिश में डंपिंग जोन का मलबा ग्रामीणों के खेतों में पहुंच रहा है। इस पर निजी सचिव ने ग्रामीणों को हर समस्या का निराकरण करने का आश्वासन दिया है।