घनसाली (टिहरी)। जिला पंचायत ने भिलंगना ब्लॉक के दूरस्थ गांवों को गणतंत्र दिवस पर सड़क, खेल मैदान और स्कूलों को अतिरिक्त कक्ष-कक्षों की सौगात दी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने भिलंगना ब्लॉक के विभिन्न गांवों में करीब 45 लाख की योजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं में 15 लाख की लागत से मैगाधार-आली-सरूणा एक किमी मोटर मार्ग, 15 लाख की लागत से मैगाधार-कोट तीन किमी सड़क, चार लाख की लागत से घेराधार स्कूल में अतिरिक्त कक्षा-कक्षा निर्माण, साढ़े पांच लाख से निर्मित कुमयाली महादेव मंदिर में आंगन चौक, पांच लाख की लागत से धमातोली में खेल मैदान का लोकार्पण शामिल हैं। सरूणा में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सजवाण ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवस्थापना विकास के कार्यों को बढ़ावा देने के लिए जिला पंचायत लगातार कार्य कर रही है। कहा कि सड़क सुविधा से वंचित छोटे-छोटे गांवों, तोकों को जोड़ने के लिए जिला पंचायत अपने संसाधनों और जिला योजना से कार्य करवा रही है। सरूणा गांव में पहली बार गाड़ी पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाणों के साथ स्वागत किया। इस मौके पर देवी लाल शाह, प्रताप सिंह सजवाण, हिम्मत सिंह, शिव सिंह, प्रधान सुभागा देवी, विजयराम, राजेंद्र भंडारी, बसंती देवी, सरोज भंडारी, रजनी, पुष्पा आदि मौजूद रहे।