ऑनलाइन ठगी के शिकार एक व्यक्ति को पुलिस की साइबर सेल ने 14,240 रुपये वापस दिलाए हैं।
ऊखीमठ ब्लॉक के उनियाणा गांव निवासी अजीत सिंह पंवार ने अगस्त माह में एक वेबसाइट से सिलाई, पिको व इंटरलॉक मशीन की खरीद के लिए निर्माता कंपनी गुरुनानक इंडस्ट्रीज यमुनानगर हरियाणा संपर्क किया। कंपनी ने कुल 14,240 रुपये खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करवाकर एक सप्ताह में मशीन उपलब्ध पते पर भेजने की बात कही लेकिन धनराशि ट्रांसफर करने के तीन सप्ताह बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। पीड़ित ने साइट पर मामले की शिकायत की लेकिन वहां कंपनी को साइट से डिसेबल करने के बाद भी धनराशि वापस नहीं की गई। कंपनी गुरुनानक इंडस्ट्रीज ने शिकायतकर्ता अजीत सिंह पंवार के व्हाटसएप एवं कॉल दोनों ही माध्यम को ब्लॉक कर दिया। पीड़ित ने पुलिस के साइबर सैल में शिकायत दर्ज कराई। रुद्रप्रयाग पुलिस साइबर सेल ने पीड़ित द्वारा कंपनी को भेजी गई धनराशि को संबंधित बैंक के माध्यम से डेबिट फ्रीज कर दिया। कंपनी ने स्वयं अजीत सिंह से संपर्क किया। कंपनी ने आवेदक को 22 सितंबर को 4000 रुपये व 23 सितंबर को 10,240 रुपये ट्रांसफर कर दिए। एसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष अब तक ऑनलाइन ठगी के मामलों में साइबर सेल द्वारा 19,84,082 रुपये की राशि पीड़ितों को वापस कराई जा चुकी है।