रुद्रपुर। स्थानीय प्रशासन, यातायात पुलिस, नगर निगम और परिवहन विभाग की संयुक्त प्रयासों के बावजूद ई-रिक्शा के लिए स्थायी पार्किंग की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। शहर में ई-रिक्शा की अवैध पार्किंग भी सुचारु यातायात के लिए मुसीबत बन रही है। शहर में जगह-जगह ई-रिक्शा की अवैध पार्किंग से ट्रैफिक जाम हो रहा है।
रुद्रपुर शहर में ई-रिक्शा के रूट निर्धारित व स्थायी पार्किंग के करीब सात-आठ माह पूर्व स्थानीय प्रशासन, नगर निगम, परिवहन विभाग व यातायात पुलिस ने सर्वे किया था। जिसमें किच्छा बाईपास स्थित रामलीला भवन के सामने व गांधी पार्क के नगर निगम की भूमि पर ई-रिक्शा की पार्किंग तय हुई थी। लेकिन अधिकारियों की इच्छाशक्ति के अभाव के कारण आज तक रुद्रपुर में ई-रिक्शा चालकों के लिए न तो रूटों का निर्धारण हो सका और न ही स्थायी पार्किंग बन सकी हैं। स्थायी पार्किंग न होने से ई-रिक्शा डीडी चौक और रोडवेज स्टेशन गेट पर कतार से खड़े रहते हैं। इसके साथ ही किच्छा बाईपास पर रामलीला भवन समेत विभिन्न स्थानों पर ई-रिक्शा के खड़े रहने से जाम लग रहा है। कई बार रोडवेज स्टेशन गेट पर ई-रिक्शा के खड़े होने से बसें गेट में प्रवेश नहीं कर पा रही हैं। इससे कई बार किच्छा बाईपास पर जाम लग रहा है। लेकिन स्थानीय प्रशासन व यातायात पुलिस खामोश हैं। इससे उनकी भूमिका पर सवाल उठने लाजमी हैं।