जनपद में कोरोना वायरस से निपटने के लिए कोटेश्वर स्थित माधवाश्रम अस्पताल में तीस बेड का कोरोना आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने माधवाश्रम अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही विभाग को जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सोमवार के जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने माधवाश्रम अस्पताल में स्थापित कोरोना आइसोलेशन वार्ड का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में विद्युत, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके झा ने बताया कि जिला चिकित्सालय में पर्याप्त स्थान न होने के चलते माधवाश्रम अस्पताल में 30 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। बताया कि माधवाश्रम चिकित्सालय में तीन पैरामेडिकल कर्मियों व चिकित्सकों की तैनाती कर दी गई है। उनके लिए आवासीय सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। इस मौके पर सीएमएस डा. डीसी सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक गणेश कोहली, एआरटीओ माहित कोठारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।