मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) भरत चंद्र भट्ट ने केदारनाथ पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने धाम में मौजूद यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं के बारे में भी फीडबैक लिया। इस दौरान केदारनाथ मंदिर परिसर को सैनिटाइज भी किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ व नगर पंचायत के कार्मिकों के साथ पैदल मार्ग से लेकर केदारनाथ तक कई स्थानों पर साफ-सफाई की। इस दौरान केदारनाथ मंदिर मार्ग व मंदिर परिसर को भी सैनिटाइज किया गया। साथ ही यात्रियों को भी कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहनने व सैनिटाइज का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा का थीम जीरो पॉलिथीन व्यवस्था है। इसलिए पैदल मार्ग से धाम तक पॉलिथीन मुक्त करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया था। केदारनाथ भ्रमण के दौरान सीडीओ ने घोड़ा-खच्चर संचालन के साथ पैदल यात्रा, पड़ावों और केदारघाटी से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा के हेलीपैड का भी निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों व सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों को जरूरी निर्देश भी दिए। ब्यूरो