भारतीय सेना में भर्ती के लिए लक्ष्य प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करते हुए डीएम मनुज गोयल ने कहा कि सेना अनुशासन के साथ अपने लक्ष्यों की पूर्ति की प्रेरणा देती है। उन्होंने शिविर में पहुंचे युवक/युवतियों को प्रशिक्षण का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए सेना में करियर को उत्साहित किया।
गुलाबराय मैदान में वीर शक्ति प्रशिक्षण संस्थान के सहयोग से दो दिवसीय सेना भर्ती शिविर का शुभारंभ करते हुए डीएम गोयल ने कहा कि इससे स्थानीय युवक/युवतियों को लाभ मिलेगा। मौके पर डीएम ने प्रशिक्षण में शामिल युवाओं के पहले बैच को 1600 मीटर की दौड़ के लिए भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रशिक्षण शिविर में मौजूद सैन्य अधिकारी कर्नल अजय सिंह राणा ने कहा कि युवाओं को सेना के प्रति प्रेरित करने के लिए जिला प्रशासन की यह पहल सराहनीय है। वीर शक्ति प्रशिक्षण संस्थान के सचिव प्रशांत तिवारी ने प्रशिक्षण शिविर के बारे में पूरी जानकारी दी। पहले दिन प्रशिक्षण में 400 युवक-युवतियों ने पंजीकरण किया। इस मौके पर सीडीओ नरेश कुमार, सीएमओ डॉ. बीके शुक्ला, परियोजना निदेशक रमेश चंद्र, खेल अधिकारी महेशी आर्य, युवा कल्याण अधिकारी केएन गैरोला, डीडीएमओ एनएस रजवार, जिला पूर्ति अधिकारी गरवीन भट्ट समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।