रुद्रपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं में कार्य करने वाले आउटसोर्स एजेंसी के 25 कर्मचारियों की नौकरी चली गई है। कर्मचारियों को छह महीने से वेतन नहीं मिल सका है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की राष्ट्रीय पोषण मिशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, वन स्टॉप सेंटर, महिला शक्ति केंद्र के कार्यों को करने के लिए डेढ़ साल पहले शासन स्तर पर आउटसोर्स एजेंसी को काम सौंपा गया था। एजेंसी ने कर्मचारियों का साक्षात्कार लेकर प्रत्येक जिले में 20 से 25 कर्मचारियों को बाल विकास विभाग में नियुक्त किया था। कुछ समय पहले ही शासन ने एजेंसी के साथ अनुबंध खत्म कर दिया। इससे प्रदेश के 400 कर्मचारियों की नौकरी चली गई है। इधर, कर्मचारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। कर्मचारियों ने कहा कि कर्मचारियों को सरकार की ओर से निर्धारित वेतन का भुगतान भी छह महीने से नहीं किया गया है। वहां राजेश भट्ट, मनीष कुमार, अजीत कुमार, सुरेश चंद, हरप्रीत सिंह, सूरज आदि थे। इधर, जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि एजेंसी के साथ अनुबंध खत्म होने का शासन स्तर का मामला है। 25 कर्मचारियों को नौकरी पर लगाने का आग्रह पत्र मिलने के बाद शासन को पत्र भेजकर सूचित किया गया है। पत्र में दोबारा अनुबंध होने पर इन कर्मचारियों को रखने की भी वकालत की गई है।