कस्बे के ग्राम छाप्पुर शेर अफगानपुर में श्मशान घाट की जमीन पर कब्जा करने की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक जेसीबी को कब्जे में लेकर दोनों पक्षों के लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
भगवानपुर के ग्राम छाप्पुर शेर अफगानपुर में कुछ दबंग जेसीबी मशीन से एक जमीन पर डोलबंदी कर रहे थे। डोलबंदी करने की सूचना मिलने के बाद कुछ ग्रामीणों ने मामले की जानकारी भारतीय किसान यूनियन क्रांति (अ) के जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह को दी। इसके बाद भारतीय किसान यूनियन क्रांति के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सहित कुछ ग्रामीण एकत्रित होकर मौके पर पहुंचे। यूनियन जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह, अजीत कुमार, ललित कुमार, मास्टर स्वराज, राकेश, राहुल कुमार, डॉ अरुण व अन्य ग्रामीणों ने श्मशान घाट की भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के लोगों में हंगामा हो गया। मामला बढ़ते देख ग्रामीणों ने मामले की जानकारी एसडीएम ब्रिजेश कुमार तिवारी को दी। इसके बाद एसडीएम ने पुलिस और तहसील प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर भेजकर मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निर्देश मिलने के बाद तहसील प्रशासन के अधिकारी व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया। साथ ही दोनो पक्षों के लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। एसडीएम ब्रिजेश कुमार तिवारी का कहना है की मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।